सच की आंखें बालाघाट जिले में कृषि विभाग द्वारा किसानों को आधुनिक एवं लागत प्रभावी खेती की तकनीकों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार 16 जून 2026 को वारासिवनी विकासखंड की ग्राम पंचायत दिनी में किसान श्री तामेश चौधरी (पिता श्री पोतनलाल चौधरी) के खेत में सुपर सीडर मशीन के माध्यम से डीएसआर (डायरेक्ट सीडेड राइस) पद्धति से लगभग 2.50 एकड़ क्षेत्र में धान की विनती किस्म की बुवाई की गई।
उप संचालक कृषि श्री फूलसिंह मालवीय ने बताया कि डीएसआर पद्धति धान उत्पादन की एक उन्नत तकनीक है, जिससे श्रम, समय और पानी की बचत होती है तथा किसानों की उत्पादन लागत भी कम होती है। इस असर पर उपस्थित किसानों को डीएसआर तकनीक के लाभों एवं इसकी वैज्ञानिक विधि की विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान कृषि विस्तार अधिकारी सुश्री सीमा बोहरे, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी श्री गौतम पुसामे, ग्राम लिंगमारा के वरिष्ठ किसान मित्र श्री मेघराज डोहरे सहित ग्राम दिनी के अनेक किसान उपस्थित रहे। अधिकारियों ने किसानों को आगामी खरीफ सीजन में अधिक से अधिक क्षेत्र में डीएसआर पद्धति अपनाने की सलाह दी तथा आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग के लिए प्रेरित किया।
किसानों ने भी सुपर सीडर मशीन द्वारा की जा रही बुवाई का अवलोकन किया और इस तकनीक के प्रति रुचि दिखाई। कृषि विभाग ने किसानों से वैज्ञानिक खेती अपनाकर उत्पादन बढ़ाने एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में योगदान देने का आह्वान किया।
0 टिप्पणियाँ