सच की आँखे छिंदवाड़ा भारत सरकार के एमएसएमई मंत्रालय के एमएसएमई विकास कार्यालय इंदौर द्वारा जिला प्रशासन छिंदवाड़ा के सहयोग से शनिवार को सतपुड़ा आईटीआई में पीएम विश्वकर्मा योजना के लाभार्थियों के लिए ब्रांडिंग एवं मार्केटिंग विषय पर एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के लगभग 110 लाभार्थियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने लाभार्थियों को उद्यमिता, वित्तीय सहायता, ई-कॉमर्स, शासकीय योजनाएं, कौशल विकास, मार्केटिंग, लोन प्रक्रिया, निर्यात (एक्सपोर्ट) तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। वहीं भारतीय डाक विभाग द्वारा डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रतिभागियों को नि:शुल्क क्यूआर कोड भी उपलब्ध कराए गए।
इस अवसर पर एमएसएमई इंदौर के सहायक निदेशक गौरव गोयल एवं विकास, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक ओजस्वी काले, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के एलडीएम सतीश कुमार, भारतीय डाक विभाग के शरद कुमार, सीआईआई के संकोच कतरे, शासकीय आईटीआई के आशीष विश्वकर्मा, एनएसडीसी की सुषमा गजभिये, हैंडलूम विभाग की दिव्या पवार तथा सतपुड़ा आईटीआई के प्राचार्य राकेश तोमर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में अधिकारियों ने पीएम विश्वकर्मा योजना के विभिन्न प्रावधानों की विस्तार से जानकारी देते हुए लाभार्थियों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया। कार्यक्रम का उद्देश्य कारीगरों और शिल्पकारों को आधुनिक तकनीक, डिजिटल लेन-देन, ब्रांडिंग, मार्केटिंग एवं वित्तीय सेवाओं से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करना था।
