नेहरू स्टेडियम की 33 दुकानों के विस्थापन की मांग तेज, पीड़ित व्यापारियों ने मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन

नेहरू स्टेडियम की 33 दुकानों के विस्थापन की मांग तेज, पीड़ित व्यापारियों ने मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन


जुन्नारदेव। नेहरू स्टेडियम परिसर में नगर पालिका परिषद द्वारा 30 दिसंबर 2024 को हटाई गई 33 दुकानों के प्रभावित व्यापारियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को ज्ञापन भेजकर शीघ्र पुनर्वास एवं विस्थापन की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि दुकानों को हटाए जाने के डेढ़ वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बावजूद आज तक उन्हें वैकल्पिक दुकानें उपलब्ध नहीं कराई गई हैं।

ज्ञापन में बताया गया है कि नगर पालिका परिषद जुन्नारदेव द्वारा वर्ष 1988 एवं 1991 में तत्कालीन प्रशासक के कार्यकाल में इन दुकानों का निर्माण कराया गया था। वर्ष 1988 से लेकर 2024 तक नगर पालिका इन दुकानों का नियमित किराया भी वसूलती रही। इसके बावजूद 30 दिसंबर 2024 को दुकानों को तोड़ दिया गया, लेकिन प्रभावित व्यापारियों के पुनर्वास की दिशा में अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

पीड़ित व्यापारियों का कहना है कि दुकानों के हटने से उनकी आजीविका पूरी तरह प्रभावित हो गई है। करीब 100 से अधिक परिवार और इन दुकानों से जुड़े मजदूर आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं। व्यापारियों ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि उन्हें शीघ्र वैकल्पिक स्थान पर दुकानें आवंटित कर पुनर्वास किया जाए, ताकि उनकी रोजी-रोटी फिर से शुरू हो सके।

ज्ञापन के साथ व्यापारियों ने वर्ष 1988-91 के संकल्प पत्र, तहसीलदार जुन्नारदेव द्वारा जारी नोटिस की प्रति तथा नगर पालिका द्वारा लिए गए किराए से संबंधित दस्तावेज भी संलग्न किए हैं। अब प्रभावित व्यापारियों को शासन से सकारात्मक निर्णय की उम्मीद है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने