सच की आँखे छिंदवाड़ा,बिछुआ थाना क्षेत्र के ग्राम पुलपुलडोह में प्रेम संबंध के चलते हुई एक व्यक्ति की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए प्रेमिका सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मृतक ध्रुपदास रेरवारे (55) का गांव की एक महिला से पिछले 8–10 वर्षों से प्रेम संबंध था, जिससे नाराज महिला के बेटे ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के मुताबिक 31 जुलाई 2026 को मृतक की गुमशुदगी की शिकायत मिलने पर अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने दांत फाड़िया नदी स्थित स्टाफ डेम के पास पानी से मृतक का शव बरामद किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने पर मामले में हत्या की धाराएं जोड़ी गईं।
जांच में सामने आया कि 28 जुलाई की रात आरोपी कृष्णकांत बादशाह अपनी मां के घर पहुंचा, जहां उसने मृतक ध्रुपदास को घर के अंदर सोते हुए देखा। गुस्से में उसने लोहे की फूंकनी से सिर पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद अपने साथियों अजय विश्वकर्मा और शकील खान की मदद से शव को चादर में लपेटकर मोटरसाइकिल से नदी में फेंक दिया, ताकि साक्ष्य मिटाए जा सकें।
पुलिस ने मामले में प्रेमिका गीता बादशाह, उसके पुत्र कृष्णकांत उर्फ प्यारे बादशाह, अजय उर्फ अज्जू विश्वकर्मा और शकील खान को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
जब्त सामग्री:
एक पल्सर मोटरसाइकिल
हत्या में प्रयुक्त लोहे की फूंकनी
पुलिस की कार्रवाई:
पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डे के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे एवं एसडीओपी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश उइके के नेतृत्व में गठित टीम ने मामले का खुलासा किया। जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना एवं चौकी पुलिस तथा साइबर सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Tags
छिंदवाड़ा