प्रदेशवासियों को भुजरिया पर्व, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और गोगा नवमी की दी शुभकामनाएं
उज्जैन/भोपाल/छिन्दवाड़ा । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार सुबह उज्जैन स्थित श्री वाल्मीकि धाम सिद्धपीठ आश्रम पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। उन्होंने अनंत श्री विभूषित 1008 स्वामी सोहनदास जी की समाधि एवं प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने आश्रम में आए श्री जाहरवीर गोगादेव के निशान ध्वज का विधि-विधान से छड़ी-पूजन भी किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राज्यसभा सदस्य एवं बालयोगी संत श्री उमेशनाथ जी महाराज से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम में विधायक श्री अनिल जैन कालूहेड़ा, श्री संजय अग्रवाल, उज्जैन विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री मुकेश यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
साधु-संतों के आशीर्वाद से गौरवशाली अतीत को पुनः स्थापित करने की जरूरत
मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश हर क्षेत्र में प्रगति कर रहा है। वर्तमान समय में आवश्यकता है कि साधु-संतों के आशीर्वाद से भारत के गौरवशाली अतीत और सांस्कृतिक विरासत को पुनः स्थापित किया जाए।
उन्होंने कहा कि राज्यसभा सदस्य महंत श्री उमेशनाथ जी महाराज ने वर्षों की साधना और प्रयासों से उज्जैन के वाल्मीकि धाम आश्रम को चैतन्य बनाया है। वाल्मीकि जी के आदर्शों और उनके कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने में बाबा जाहरवीर गोगा महाराज का योगदान भी महत्वपूर्ण रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सभी के लिए सौभाग्य की बात है कि बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन से बाबा गोगा महाराज के ध्वज चिह्न निकलेंगे। इससे सामाजिक समरसता और एकात्मता का संदेश देशभर में पहुंचेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेशवासियों को भुजरिया पर्व, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और गोगा नवमी की शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
