कैडर रिव्यू लागू करने की मांग को लेकर पटवारियों की अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल शुरू
तामिया तहसील के सभी पटवारी आंदोलन स्थल पर डटे, शासन पर उपेक्षा का लगाया आरोप
तामिया, जिला छिंदवाड़ा |मध्य प्रदेश पटवारी संघ के प्रांतीय आह्वान पर प्रदेशभर में 3 अगस्त से शुरू हुई अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल के तहत तामिया तहसील के समस्त पटवारी भी आंदोलन में शामिल हो गए हैं। पटवारियों ने अपनी प्रमुख मांग कैडर रिव्यू लागू करने सहित अन्य लंबित मांगों को लेकर तहसील कार्यालय के सामने धरना शुरू कर दिया है।
पटवारियों का कहना है कि प्रदेश शासन ने भू-प्रबंधन एवं संसाधन विभाग के अन्य कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ दिया, लेकिन पटवारी वर्ग को इससे वंचित रखा गया। इसे लेकर शासन के खिलाफ पटवारियों में गहरा असंतोष है। संघ का आरोप है कि शासन पटवारियों के साथ भेदभावपूर्ण एवं उपेक्षापूर्ण व्यवहार कर रहा है।
संघ ने बताया कि 8 जुलाई को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर कैडर रिव्यू, समयमान वेतन विसंगति का निराकरण, लंबित मानदेय का भुगतान, नायब तहसीलदार विभागीय परीक्षा आयोजित कराने तथा पटवारियों को जॉब प्रोटेक्शन एक्ट का लाभ देने की मांग की गई थी। मांगें पूरी नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया गया, जिसमें सामूहिक अवकाश, काली पट्टी बांधकर कार्य, शासकीय ग्रुपों का बहिष्कार और ऑनलाइन कार्यों से दूरी शामिल रही।
आंदोलन के अंतिम चरण में 3 अगस्त से सभी पटवारियों ने अपने अभिलेख बस्ते तहसील कार्यालय में जमा कर कलमबंद हड़ताल शुरू कर दी है। इस दौरान वे सभी शासकीय कार्यों से विरत रहेंगे। पटवारी संघ का कहना है कि जब तक उनकी जायज मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
बाइट – आनंद ढांकरिया, तहसील अध्यक्ष, म.प्र. पटवारी संघ शाखा तामिया:
"पटवारी वर्ग वर्षों से कैडर रिव्यू और अन्य लंबित मांगों को लेकर संघर्ष कर रहा है। जब तक शासन हमारी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेता, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा।"
