ब्रिक्स शिखर सम्मेलन भारत की बढ़ती वैश्विक साख का प्रतीक : मुख्यमंत्री डॉ. यादवमंत्रिपरिषद ने ब्रिक्स सम्मेलन की सफलता और नई दिल्ली घोषणा-पत्र के लिए प्रधानमंत्री को दी बधाई17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान, परिवहन और ग्रामीण स्वामित्व योजना पर भी अहम घोषणाएं

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन भारत की बढ़ती वैश्विक साख का प्रतीक : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मंत्रिपरिषद ने ब्रिक्स सम्मेलन की सफलता और नई दिल्ली घोषणा-पत्र के लिए प्रधानमंत्री को दी बधाई

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान, परिवहन और ग्रामीण स्वामित्व योजना पर भी अहम घोषणाएं



भोपाल/छिन्दवाड़ा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि नई दिल्ली में हाल ही में संपन्न ब्रिक्स शिखर सम्मेलन भारत की विश्व में बढ़ती भूमिका और साख का प्रतीक है। सम्मेलन की सफलता तथा नई दिल्ली घोषणा-पत्र को भारत की कूटनीतिक उपलब्धि बताते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी प्रभावी भूमिका को और मजबूत किया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार को मंत्रालय में मंत्रिपरिषद की बैठक से पहले मंत्रीगण को सरकार की उपलब्धियों और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दे रहे थे। इस अवसर पर पूरी मंत्रिपरिषद ने ब्रिक्स सम्मेलन की सफलता और नई दिल्ली घोषणा-पत्र के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्र सरकार को बधाई दी। मंत्रिपरिषद ने मुख्यमंत्री को उनकी सफल दुबई यात्रा के लिए भी शुभकामनाएं दीं।

नई दिल्ली घोषणा-पत्र में शांति और विकास पर जोर

मुख्यमंत्री ने बताया कि ब्रिक्स के 11 सदस्य देश विश्व की लगभग 49.5 प्रतिशत आबादी, 40 प्रतिशत वैश्विक जीडीपी और 26 प्रतिशत वैश्विक व्यापार का प्रतिनिधित्व करते हैं। भारत की अध्यक्षता के दौरान 25 शहरों में 350 से अधिक बैठकें और कार्यक्रम आयोजित हुए तथा नई दिल्ली घोषणा-पत्र को सर्वसम्मति से अपनाया गया।

घोषणा-पत्र में शांति, आतंकवाद, व्यापार, वित्त, तकनीक और सतत विकास से जुड़े विषयों पर साझा दृष्टिकोण सामने आया। आतंकवाद के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति दोहराते हुए 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुए आतंकी हमले की निंदा की गई। क्रॉस-बॉर्डर भुगतान, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल पब्लिक इन्फ्रास्ट्रक्चर और साइबर सहयोग को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया।

मध्यप्रदेश के लिए भी ब्रिक्स सम्मेलन महत्वपूर्ण रहा। इंदौर में ब्रिक्स युवा उद्यमिता कार्य समूह, कृषि कार्य समूह और 16वीं कृषि मंत्रियों की बैठक आयोजित हुई, जिसमें ‘इंदौर घोषणा’ अपनाई गई। भोपाल में संस्कृति कार्य समूह, ब्रिक्स सांस्कृतिक महोत्सव और 11वीं संस्कृति मंत्रियों की बैठक के दौरान ‘भोपाल घोषणा’ को अपनाया गया।

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेश में ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करने के उद्देश्य से अभियान को प्रदेश की जनता की सेवा के लिए समर्पित किया जाएगा।

अभियान के अंतर्गत 13 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने मंत्रीगण और राज्य नोडल अधिकारियों से जिला स्तर पर बेहतर समन्वय के साथ कार्यक्रमों का प्रभावी और ऐतिहासिक आयोजन सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

25 सितंबर से शुरू होगी मुख्यमंत्री सुगम परिवहन बस सेवा

मुख्यमंत्री ने बताया कि लगभग 21 वर्ष से बंद सरकारी बस सेवा को फिर शुरू किया जा रहा है। अनंत चतुर्दशी, 25 सितंबर 2026 से मुख्यमंत्री सुगम परिवहन बस सेवा का शुभारंभ होगा। इसके तहत लगभग 150 सिटी रूट, 450 इंटरसिटी रूट और 436 इंटरस्टेट रूट विकसित किए जाएंगे। वर्ष 2030 तक प्रदेश के 75 प्रतिशत विकासखंडों को सुगम बस परिवहन सेवा से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।

50 लाख ग्रामीण संपत्तियों का होगा निःशुल्क पंजीयन

मुख्यमंत्री ने बताया कि 17 सितंबर को इंदौर में ‘स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन योजना’ का शुभारंभ किया जाएगा। इसके तहत लगभग 50 लाख निजी संपत्तियों के अधिकार अभिलेखों का निःशुल्क पंजीयन किया जाएगा। स्टाम्प ड्यूटी और पंजीयन शुल्क से ग्रामीण हितग्राहियों को पूरी छूट रहेगी और इसका खर्च राज्य सरकार वहन करेगी।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में स्वामित्व योजना के तहत 68 लाख 11 हजार अधिकार अभिलेख तैयार किए जा चुके हैं। पंजीयन के बाद दस्तावेज हितग्राहियों को व्हाट्सऐप के माध्यम से उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। पंचायत स्तर पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे और प्रक्रिया को एक माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

दुबई यात्रा में 53 हजार करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव

मुख्यमंत्री ने अपनी 6 से 8 सितंबर तक हुई दुबई और शारजाह यात्रा को निवेश की दृष्टि से सफल बताते हुए कहा कि प्रदेश को 53 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। दुबई में आयोजित निवेश संवाद में 200 से अधिक उद्योगपति, निवेशक और उद्यमी शामिल हुए।

उन्होंने बताया कि राणा होल्डिंग्स ने लगभग 35,200 करोड़ रुपये, एनआईडीआई सर्विसेज ने लगभग 18,000 करोड़ रुपये और लुलु ग्रुप ने लगभग 2,500 करोड़ रुपये के निवेश में रुचि दिखाई है। इसके अलावा लॉजिस्टिक्स हब, लॉजिस्टिक्स पार्क, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और इंदौर-पीथमपुर-उज्जैन विकास गलियारे में निवेश को लेकर भी चर्चा हुई।

17 सितंबर को सेवा और आभार के होंगे विशेष आयोजन

मुख्यमंत्री ने बताया कि 17 सितंबर को प्रदेशभर में ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान के तहत हर घर-आंगन में दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। उज्जैन में 25 लाख से अधिक दीप प्रज्ज्वलित कर नया विश्व रिकॉर्ड बनाने का प्रयास किया जाएगा।

इसी दिन इंदौर में स्वामित्व योजना का शुभारंभ तथा गांधी सागर में चीतों को छोड़ने का वृहद कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।

भारतीय खेल टीमों को दी बधाई

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने एशिया कप जीतने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम तथा जूनियर एशिया कप जीतने वाली भारतीय महिला और पुरुष हॉकी टीमों को भी बधाई और शुभकामनाएं दीं।

धार को मिली रेलवे की बड़ी सौगात

मुख्यमंत्री ने छोटा उदयपुर-धार रेल परियोजना के अंतर्गत जोबट और टांडा रोड के बीच रेल खंड के लोकार्पण तथा टांडा रोड स्टेशन से मेमू यात्री ट्रेन के शुभारंभ को धार सहित पूरे जनजातीय अंचल के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि इससे धार का गुजरात से सीधा रेल संपर्क स्थापित हुआ है। रेल सुविधा से व्यापार, शिक्षा, रोजगार और चिकित्सा सहित अनेक क्षेत्रों में लोगों को लाभ मिलेगा।

7,500 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को मिलेंगी ई-स्कूटी

मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री ई-स्कूटी योजना के तहत शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूलों में कक्षा 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को 19 सितंबर को भोपाल में ई-स्कूटी वितरित की जाएंगी। वित्त वर्ष 2025-26 में प्रदेश के 7,500 से अधिक विद्यार्थियों को इसका लाभ मिलेगा। योजना के तहत अब तक 23 हजार से अधिक विद्यार्थी लाभान्वित हो चुके हैं और लगभग 250 करोड़ रुपये व्यय किए गए हैं।

गणेशोत्सव और जैन पर्वों पर दी शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेशवासियों को गणेशोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश में सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने श्वेतांबर जैन समाज के पर्युषण पर्व के अंतिम दिन तथा 16 सितंबर से प्रारंभ हो रहे दिगंबर जैन समाज के दशलक्षण पर्व पर भी शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि भगवान महावीर के सत्य और अहिंसा के संदेश को आत्मसात करते हुए समाज के उत्थान और आत्मकल्याण की दिशा में सभी को प्रयास करना चाहिए।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने