मध्यप्रदेश देश की फूड बास्केट बन चुका है : मुख्यमंत्री डॉ. यादवकृषि विभाग की टीम योजनाओं और नीतियों को फाइलों से निकालकर खेत की मेड़ तक पहुंचा रहीएक साथ 3,357 शासकीय सेवकों को पदोन्नति का लाभ, 44 दिवंगत कर्मचारियों के परिजनों को अनुकंपा नियुक्ति के पत्र

मध्यप्रदेश देश की फूड बास्केट बन चुका है : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

कृषि विभाग की टीम योजनाओं और नीतियों को फाइलों से निकालकर खेत की मेड़ तक पहुंचा रही

एक साथ 3,357 शासकीय सेवकों को पदोन्नति का लाभ, 44 दिवंगत कर्मचारियों के परिजनों को अनुकंपा नियुक्ति के पत्र

छिन्दवाड़ा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कृषि विभाग ने प्रदेश में किसानों के कल्याण और सशक्तिकरण का उदाहरण प्रस्तुत किया है। अधिकारियों और कर्मचारियों की मेहनत, निष्ठा एवं समर्पण का परिणाम है कि मध्यप्रदेश आज देश की फूड बास्केट बन चुका है। परंपरागत खेती से लेकर तकनीकी नवाचार और कृषि आधारित उद्योगों तक विभाग के अधिकारी-कर्मचारी किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को रवींद्र भवन में किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग के पदोन्नत शासकीय सेवकों द्वारा आयोजित अभिनंदन एवं आभार कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों एवं कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को प्रतीक स्वरूप हल भेंटकर स्वागत किया। इस अवसर पर ई-विकास, डिजिटल एग्रीकल्चर और भावांतर भुगतान योजना पर कार्यशाला-सह-प्रशिक्षण भी आयोजित किया गया।

कृषि विभाग विकास का भी आधार : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि विभाग केवल एक विभाग का नाम नहीं, बल्कि प्रदेश के विकास का महत्वपूर्ण आधार है। मध्यप्रदेश की सुख-समृद्धि का रास्ता कृषि से होकर जाता है। प्रदेश के माथे से बीमारू राज्य का कलंक हटाने में कृषि विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

उन्होंने कहा कि कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी सरकार की कृषि योजनाओं और नीतियों को फाइलों से निकालकर खेत की मेड़ तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं। किसानों के हित में विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों का परिणाम प्रदेश की कृषि प्रगति में दिखाई दे रहा है।

3,357 कर्मचारियों को पदोन्नति

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कृषि विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों की पदोन्नति से उन्हें विशेष संतोष है। लंबे समय से पदोन्नति की प्रतीक्षा के बावजूद विभागीय अमले ने अपने काम के प्रति समर्पण बनाए रखा। राज्य सरकार ने एक साथ 3,357 शासकीय सेवकों को पदोन्नति का लाभ दिया है।

इनमें किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग के 1,725, मध्यप्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड के 1,439, कृषि अभियांत्रिकी के 149, बीज प्रमाणीकरण के 36 और बीज निगम के 8 कर्मचारी शामिल हैं। इसके साथ ही 44 दिवंगत कर्मचारियों के परिजनों को सहायक वर्ग-3 के पद पर अनुकंपा नियुक्ति के पत्र भी प्रदान किए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हर कदम पर कृषि विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ खड़ी है।

इस वर्ष 104 लाख मीट्रिक टन गेहूं का उपार्जन

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार ने भी विभागीय व्यवस्थाओं को सरल, सुगम और पारदर्शी बनाया है। इस वर्ष प्रदेश ने करीब पौने 14 लाख किसानों से 104 लाख मीट्रिक टन गेहूं का उपार्जन कर देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब तक 85 हजार से अधिक युवाओं को शासकीय पदों पर नियुक्ति दी जा चुकी है। अगले वर्ष एक लाख से अधिक पदों पर नई भर्ती का लक्ष्य रखा गया है।

कृषि विभाग में 1,500 से अधिक पदों पर भर्ती

मुख्यमंत्री ने कहा कि अनुकंपा नियुक्तियों की लंबित प्रकरणों को शीघ्र समाप्त करने का प्रयास किया जा रहा है। सभी विभागों में पदोन्नति के लिए हर वर्ष डीपीसी कराई जाएगी। पदोन्नति से रिक्त होने वाले पदों को समय पर भरने के लिए भर्ती प्रक्रिया भी निरंतर जारी रहेगी।

उन्होंने बताया कि कृषि विभाग के अंतर्गत मंडी बोर्ड में 600 मंडी निरीक्षक, 50 उपयंत्री, 30 सचिव और 100 डाटा एंट्री ऑपरेटर सहित 1,500 से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया वर्ष 2026 में पूरी की जाएगी।

किसान हित की योजनाओं को जमीन पर उतारें : कंषाना

किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री एदल सिंह कंषाना ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कर्मचारियों की समस्याओं को समझते हुए पदोन्नति का लाभ देकर उनका समाधान किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं किसान परिवार से हैं और प्रदेश के अन्नदाताओं की भावनाओं को भलीभांति समझते हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी किसान कल्याण के लिए लागू योजनाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।

पदोन्नति का रास्ता साफ होने पर जताया आभार

किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग के सचिव निशांत वरवड़े ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के स्पष्ट निर्णयों के फलस्वरूप लंबे समय से लंबित पदोन्नति का रास्ता साफ हुआ है। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग में नई भर्ती प्रक्रिया भी जारी है। कृषक कल्याण वर्ष में किसानों की समृद्धि के साथ विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों के हित में भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं।

कृषि संचालक उमाशंकर भार्गव ने मुख्यमंत्री सहित सभी अतिथियों और उपस्थित अधिकारियों-कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने