प्रदेश में मोरों के संरक्षण और पुनर्वास की नई परियोजना शुरू होगी : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
बड़नगर में बनेगा फूड प्रोसेसिंग पार्क, कवि प्रदीप सम्मान समारोह भी होगा आयोजित
मां चामुंडा धाम गजनीखेड़ी में 22.34 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन
भोपाल/छिंदवाड़ा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश में मोरों के संरक्षण और पुनर्वास के लिए नई परियोजना शुरू की जाएगी। बड़नगर में कवि प्रदीप सम्मान समारोह आयोजित करने के साथ फूड प्रोसेसिंग पार्क भी बनाया जाएगा। इससे क्षेत्र के किसानों को उनकी उपज के प्रसंस्करण और विपणन के बेहतर अवसर मिलने के साथ युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खुलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने ये बातें मां चामुंडा धाम, गजनीखेड़ी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कहीं। इस अवसर पर 22.34 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया।
बड़नगर में फूड प्रोसेसिंग पार्क, नए सांदीपनि विद्यालय भी खुलेंगे
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भाट पचलाना और इंगोरिया में नए सांदीपनि विद्यालय खोले जाएंगे। उज्जैन और आगर में आलू प्रसंस्करण की नई इकाइयां शुरू की जा रही हैं, जो प्रदेश के 35 जिलों के किसानों से आलू खरीदेंगी। इससे किसानों को अपनी उपज के विपणन के लिए नए अवसर मिल सकेंगे।
उन्होंने कहा कि बड़नगर में फूड प्रोसेसिंग पार्क की स्थापना से स्थानीय कृषि आधारित उद्योगों को प्रोत्साहन मिलेगा। इसके साथ ही बड़नगर में गीता भवन का निर्माण भी किया जाएगा।
सिंहस्थ के लिए 25 हजार करोड़ के विकास कार्य प्रगतिरत
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंहस्थ की तैयारियों के लिए 25 हजार करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्य प्रगतिरत हैं। मुख्यमंत्री सुगम बस सेवा योजना पुनः प्रारंभ की गई है, जिससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आवागमन को सुविधाजनक बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। दुग्ध सहकारी समितियों के माध्यम से दुग्ध उत्पादन बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है।
वन्यजीव संरक्षण का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में मोरों के संरक्षण और पुनर्वास के लिए नई परियोजना शुरू की जाएगी। उन्होंने चीतों को प्रदेश में पुनः स्थापित करने के प्रयासों का भी उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को अस्पताल पहुंचाने वाले राहवीरों को 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर एयर एम्बुलेंस और हेली सेवा के माध्यम से निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की गई है। उन्होंने प्रदेश में नक्सलवाद के खात्मे को भी सरकार की उपलब्धि बताया।
मां चामुंडा धाम में विभिन्न विकास कार्यों की सौगात
कार्यक्रम के दौरान मां चामुंडा मंदिर परिसर, ग्राम गजनीखेड़ी में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग तथा ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के अंतर्गत विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया। इनमें 16 कमरों की धर्मशाला, टीन शेड, सामुदायिक भवन, शौचालय निर्माण और पेयजल व्यवस्था के लिए पानी की टंकी जैसे कार्य शामिल हैं।
इसके अलावा तीन किलोमीटर के वाटर रिटेंशन कार्य, चारभुजा मंदिर से माताजी मंदिर तक सीसी रोड, मंदिर परिसर में विभिन्न मार्गों पर सीसी रोड और बाउंड्रीवॉल निर्माण सहित अलग-अलग ग्राम पंचायतों में सामुदायिक भवन, सीसी रोड तथा आरसीसी नाली निर्माण कार्य भी शामिल हैं।
स्वास्थ्य और खेल सुविधाओं का भी होगा विस्तार
स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत भीड़ावद, मौलाना, बीराखेड़ी, दुनातला, पलदुना और बड़िया में उपस्वास्थ्य केंद्र भवनों के निर्माण तथा सिविल अस्पताल बड़नगर के उन्नयन से संबंधित कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया।
वहीं, परियोजना क्रियान्वयन इकाई (पीआईयू) के अंतर्गत इंडोर स्टेडियम और स्विमिंग पूल के निर्माण तथा नगर पालिका परिषद बड़नगर के विभिन्न वार्डों में सीसी रोड एवं आरसीसी नाली निर्माण कार्यों को भी कार्यक्रम में शामिल किया गया।
कन्या पूजन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नवरात्रि के अवसर पर कन्या पूजन किया और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने रिमोट का बटन दबाकर विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद अनिल फिरोजिया ने क्षेत्र में हुए विकास कार्यों की जानकारी दी और बड़नगर में नवीन फूड प्रोसेसिंग पार्क स्थापित करने की मांग रखी।
इस अवसर पर बड़नगर विधायक जितेंद्र पंड्या, नागदा विधायक तेज बहादुर सिंह चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष कमल कुमार देवड़ा, जनपद अध्यक्ष निर्मला उमराव सिंह, नगर परिषद अध्यक्ष अभय टोंगया सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।