![]() |
पांढुर्ना के मोही घाट पर शुक्रवार को कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद ट्रक में जा घुसी। हादसे में कार सवार युवक और उसकी बुआ की मौत हो गई। महिला अपनी मां की अंत्येष्टि में शामिल होने भोपाल से पांढुर्ना आ रही थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।
पुलिस ने बताया कि गुरुवार रात संतोषी माता वार्ड निवासी 80 वर्षीय सुबाबाई पति भागवत बांबल का निधन हो गया था। सुबाबाई की बेटी भोपाल निवासी 45 वर्षीय छाया पति विनोद कराले और भोपाल में पढ़ाई कर रहा नाती 22 वर्षीय विशाल पिता भास्कर बांबल कार से शुक्रवार सुबह की में शामिल होने पांढुर्ना आ रहे थे। पांढुर्ना के मोही घाट स्थित बंदरिया ढाबे के समीप उनकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद कार हाइवे से गुजर रहे ट्रक में जा घुसी। इस हादसे में कार सवार छाया और विशाल की मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।
![]() |
कार के उड़े परखच्चे इस भीषण हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए। टक्कर होने के साथ कार लॉक हो गई थी। जिसकी वजह से कार सवार महिला व युवक को मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार पहले डिवाइडर से उछलकर रांग साइड की ओर चली गई थी। इसी दौरान भोपाल की ओर जा रहे ट्राला ट्रक में कार जा घुसी। हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला व युवक को सिविल अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एक अन्य हादसे में घायल युवक की मौत
देहात पुलिस ने बताया कि शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती 30 वर्षीय हिमांशु की इलाज के दौरान गुरुवार को मौत हो गई। हिमांशु सारणी में हुए हादसे में गंभीर रूप से घायल हुआ था। जिसे परिजनों ने निजी अस्पताल लाकर भर्ती कराया था। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।




