कलेक्टर श्रीमती पटले ने किया गौधूली वृद्धाश्रम का औचक निरीक्षण

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0


कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले ने सोमवार की शाम छिंदवाड़ा शहर के वीआईपी रोड स्थित गौधूली वृध्दाश्रम का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने
अधिकारियों से वृध्दाश्रम संचालन की व्यवस्थाओं और वृध्दजनों को दी जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। इसके बाद वृध्दजनों से भी चर्चा कर उनके हालचाल जाने और उन्हें मिल रही सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया। उन्होंने वृध्दाश्रम की व्यवस्थाओं के प्रति वृध्दजनों का संतोष और सकारात्मक फीडबैक सुनकर प्रसन्नता जाहिर की। इसके साथ ही उन्होंने परिसर में स्थित किशोर न्याय बोर्ड का भी अवलोकन किया। उल्लेखनीय है कि सामाजिक न्याय विभाग के अंतर्गत संचालित इस वृध्दाश्रम में 90 वृध्द रहते हैं जिन्हें दोनों समय चाय, बिस्कुट और शुध्द स्वास्थ्यवर्धक भोजन प्रदाय किया जाता है। नाई, धोबी और केयर टेकर की सुविधा भी दी गई है। उनके मनोरंजन के लिए यहां एक भजन मंडली भी है जिसका वे नियमित आनंद लेकर भजन कीर्तन करते हैं।

    कलेक्टर श्रीमती पटले ने वृध्दाश्रम में डॉक्टर्स द्वारा रेगुलर चेकअप की सुविधा देने के लिए डॉक्टर्स का रोस्टर तैयार करने के निर्देश दिए हैं और जिला आपूर्ति अधिकारी को गेंहू और चांवल उपलब्ध कराने हेतु निर्देशित किया है। उन्होंने दो जगह से बाउंड्री आम जन के आवागमन के लिए खुली पाई जाने पर उसे बंद कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही वृध्दाश्रम में रंगाई, पुताई व अन्य कार्य कराने के लिए व्यवस्था बनाने के निर्देश उप संचालक सामाजिक न्याय श्री एस.के.गुप्ता को दिए हैं। निरीक्षण के दौरान उप संचालक सामाजिक न्याय और नगर निगम आयुक्त श्री राहुल सिंह भी उपस्थित थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
400/related/default