मुख्य समारोह में कलेक्टर ने फहराया तिरंगा, परेड की ली सलामी
सांस्कृतिक कार्यक्रमों और झांकियों ने मोहा मन, विजेताओं को किया गया सम्मानित
छिंदवाड़ा, 26 जनवरी 2025। जिले में 76वां गणतंत्र दिवस पूरी गरिमा और उत्साह के साथ मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह पुलिस परेड ग्राउंड पर आयोजित हुआ, जिसमें कलेक्टर श्री शैलेंद्र सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। इस अवसर पर पुलिस परेड ग्राउंड राष्ट्रगान "जन-गण-मन" की गूंज से गूंजायमान हो उठा।
कलेक्टर श्री सिंह ने खुली जीप में पुलिस अधीक्षक श्री अजय पांडे और परेड कमांडर श्री आशीष तिवारी के साथ परेड का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. यादव का संदेश जनता को पढ़कर सुनाया। समारोह के दौरान रंगीन गुब्बारे छोड़े गए, जो उत्साह और खुशी का प्रतीक बने।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और झांकियां बनीं आकर्षण का केंद्र
समारोह में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विद्या भूमि पब्लिक स्कूल के छात्रों ने देवी अहिल्याबाई और उज्जैन की महाकाल संस्कृति को दर्शाया, जबकि फर्स्ट स्टेप स्कूल ने नारी शक्ति और स्वतंत्रता संग्राम की झलक पेश की। दिल्ली पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने कथक नृत्य प्रस्तुत किया, और जनजातीय विभाग के छात्रों ने "खेलोगे इंडिया तभी तो बढ़ोगे इंडिया" थीम पर प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया।
झांकियों में 18 विभागों ने शासन की योजनाओं का प्रदर्शन किया। कृषि विभाग की आधुनिक कृषि यंत्र ड्रोन वाली झांकी ने प्रथम पुरस्कार जीता।
परेड और प्रदर्शन में विजेता हुए सम्मानित
एसएएफ 8वीं बटालियन ने परेड में प्रथम स्थान प्राप्त किया। सर्वश्रेष्ठ परेड कमांडर का पुरस्कार रक्षित निरीक्षक श्री आशीष तिवारी को दिया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विद्या भूमि स्कूल को प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया।
विशेष कार्यों के लिए 124 लोग सम्मानित
समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 124 अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर छिंदवाड़ा/पांढुर्णा सांसद श्री विवेक बंटी साहू, महापौर श्री विक्रम अहाके सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, छात्र-छात्राएं और आम नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्री ओ.पी. शर्मा, श्रीमती वाणी शुक्ला और श्री नरेंद्र शक्रवार ने किया।