छिंदवाड़ा। नगर के अन्नपूर्णा लॉन, चौरई में गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर भव्य गुरु पूजन पर्व का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले के सांसद विवेक बंटी साहू ने क्षेत्र के प्रतिष्ठित गुरुओं का शाल और श्रीफल से सम्मान कर उन्हें नमन किया। सांसद साहू ने अपने संबोधन में कहा कि "गुरु का सम्मान परमात्मा से भी ऊपर है, भगवान शिव ने वेदों का सम्मान कर इस परंपरा की शुरुआत की थी। गुरु ही जीवन को अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाते हैं।"
कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती की पूजा-अर्चना से हुई। इसके उपरांत पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष शैलेन्द्र पटेल ने समस्त गुरुओं का पूजन कर उन्हें अंगवस्त्र, पुष्प और श्रीफल अर्पित कर सम्मानित किया। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा – "गुरु ब्रह्मा, गुरु विष्णु, गुरु देवो महेश्वर:।" गुरु ही सृष्टि, संरक्षण और संहार का केंद्र हैं और हमें जीवन में मार्गदर्शन प्रदान करते हैं।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में विद्वान, शिक्षक और शिक्षा प्रेमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मुख्य गुरुजनों में पं. परशुराम शास्त्री, पं. श्यामलाल शास्त्री, पं. शिवनारायण शर्मा, पं. पुरुषोत्तम शास्त्री, महामंडलेश्वर बाबा कॉलोनी महाराज सहित 30 से अधिक गुरुओं का सम्मान किया गया।
विशिष्ट अतिथियों में चौरई विधानसभा प्रभारी लखन वर्मा, भाजपा नगर अध्यक्ष मदन राय, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष विजेन्द्र ठाकुर, पूर्व मंडल अध्यक्ष शैलेन्द्र बबलू पटेल, पत्रकार बंधु एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
गुरु पूजन पर्व के आयोजन ने चौरई नगर को अध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया और उपस्थित जनसमूह ने गुरु-शक्ति को नमन करते हुए भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

