बालाघाट | संवाददाता: भीमराव डोंगरे
सारद। ग्राम सारद में सामाजिक चेतना, शिक्षा और समानता के अग्रदूत महात्मा ज्योतिबा फुले एवं माता सावित्रीबाई फुले की प्रतिमाओं का भव्य अनावरण समारोह 13 जनवरी 2026, मंगलवार को दोपहर 12 बजे गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन समस्त मरार माली समाज, सारद के तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रभात फेरी से हुई, जिसमें ग्रामीणों ने “महात्मा ज्योतिबा फुले अमर रहें” और “माता सावित्रीबाई फुले अमर रहें” के नारे लगाए। इसके पश्चात अतिथियों द्वारा सामुदायिक भवन एवं सभा मंच का लोकार्पण किया गया। मुख्य अतिथि रामकिशोर कावरे, प्रदेश अध्यक्ष मरार माली महासंघ मध्यप्रदेश एवं पूर्व आयुष मंत्री द्वारा प्रतिमाओं का अनावरण कर विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर सामाजिक बंधुओं ने पुष्पांजलि अर्पित कर फुले दंपत्ति के सामाजिक एवं शैक्षणिक योगदान को नमन किया।
समारोह की अध्यक्षता पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष हीना लिखीराम कावरे ने की। विशिष्ट अतिथियों में अनिल मानेश्वर, पूर्व महामंत्री मरार माली समाज बालाघाट, हिम्मत गढ़वंशी, ब्लॉक अध्यक्ष मरार माली समाज किरनापुर, टिकाराम खरे, उपाध्यक्ष ब्लॉक मरार माली समाज किरनापुर, सावितरचंद वांचे, ब्लॉक अध्यक्ष मरार माली समाज लांजी, डाली कावरे जिला पंचायत सदस्य, ममता रमेश बिसेन सरपंच ग्राम पंचायत सारद, प्रकाश बाहे सरपंच संघ अध्यक्ष ब्लॉक किरनापुर तथा रमेश बिसेन अध्यक्ष चौधरी मरार माली समाज सारद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिमा अनावरण, पूजा-अर्चना, सामाजिक विचारों पर उद्बोधन तथा समाजसेवियों व जनप्रतिनिधियों का सम्मान किया गया। रात्रि में सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत नृत्य एवं शायरी का आयोजन हुआ, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में आयोजन समिति अध्यक्ष देवजी मानेश्वर एवं समस्त मरार माली समाज, सारद के सदस्यों का विशेष योगदान रहा। समापन अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि महात्मा फुले और माता सावित्रीबाई फुले के विचार आज भी समाज को शिक्षा, समानता और जागरूकता की दिशा में प्रेरित करते हैं। आयोजन समिति ने सभी अतिथियों एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

