ढाबा संचालक पर जानलेवा हमला: देहात पुलिस ने 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार, कार-चाकू बरामद

ढाबा संचालक पर जानलेवा हमला: देहात पुलिस ने 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार, कार-चाकू बरामद
छिंदवाड़ा | 4 फरवरी 2026
थाना देहात पुलिस ने ढाबा संचालक पर हुए जानलेवा हमले के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार, चाकू और डंडे भी जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में से एक आरोपी वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (WCL) छिंदवाड़ा का नियमित कर्मचारी बताया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी महेश यादव (45), निवासी छिंदवाड़ा ने थाना देहात में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह मूड फूड ढाबा में खाना बनाने का कार्य करता है। 18 दिसंबर 2025 की रात करीब 1 बजे ढाबे के बाहर से गाली-गलौज की आवाज आने पर वह बाहर गया, जहां काले रंग की कार से आए 3-4 युवकों द्वारा ढाबा संचालक रविराज सिंह के साथ अभद्र गालियां दी जा रही थीं। विरोध करने पर आरोपियों ने रविराज सिंह के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने आए महेन्द्र उर्फ राजा कैथवास और प्रार्थी पर भी डंडों से हमला किया गया, वहीं एक आरोपी ने चाकू से वार कर दिया, जिससे दोनों घायल हो गए।
इस मामले में थाना देहात में अपराध क्रमांक 599/25 धारा 296(बी), 115(2), 118(1), 351(3), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर बाद में धारा 118(2) बीएनएस जोड़ी गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे और नगर पुलिस अधीक्षक अजय राणा के निर्देशन में थाना देहात पुलिस ने विशेष टीम गठित की। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की, बैंक खाते सीज कराए और साइबर सेल की मदद से लगातार दबिश दी।
3 फरवरी 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों से एक कार (MP28CA5566), एक लोहे का चाकू और दो बांस के डंडे बरामद कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।
गिरफ्तार आरोपी
प्रसंग नाग (24), निवासी रावनवाड़ा
प्रतीक नाग (31), निवासी रावनवाड़ा
राजा यदुवंशी (30), निवासी रावनवाड़ा
जप्त मशरूका
– कार MP28CA5566
– लोहे का चाकू
– दो बांस के डंडे
इस कार्रवाई में निरीक्षक जी.एस. राजपूत, उप निरीक्षक हर्ष नागले, सहायक उप निरीक्षक संदीप सिंह राजपूत, कमलेश सत्यार्थी सहित थाना देहात पुलिस टीम की विशेष भूमिका रही।
सहयोगी जनता – सक्रिय पुलिस – सुरक्षित समाज

Post a Comment

0 Comments