खकरा चौरई पंचायत में विकास ध्वस्त, भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरी व्यवस्था

अमरवाड़ा: खकरा चौरई पंचायत में विकास की टूटी कमर, भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी सड़कें

(छिंदवाड़ा): विकास के लंबे-चौड़े दावों के बीच अमरवाड़ा विधानसभा की ग्राम पंचायत खकरा चौरई बदहाली के आंसू रो रही है। यहाँ पंचायत प्रशासन की लापरवाही और भ्रष्टाचार का आलम यह है कि गाँव की बुनियादी सुविधाओं का ढांचा पूरी तरह चरमरा गया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि पंचायत के अधिकारी अपनी जिम्मेदारी निभाने में पूरी तरह लड़खड़ा रहे हैं, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।

नल में हवा, सड़क पर पानी
गाँव की विडंबना देखिए कि जहाँ सड़कों पर नालियों का गंदा पानी बह रहा है, वहीं ग्रामीणों के घरों में लगे नल प्यासे हैं। ग्रामीणों ने तंज कसते हुए कहा कि, "नल में पानी आना अब बरसों बाद चांद निकलने जैसा दुर्लभ हो गया है।" जल प्रदाय व्यवस्था ठप होने के कारण लोग बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं, जबकि जल निकासी की व्यवस्था न होने से सड़कों पर कीचड़ का साम्राज्य है।

भ्रष्टाचार की 'दरारें' दे रही गवाही
निर्माण कार्यों में पारदर्शिता की धज्जियां उड़ाते हुए खकरा चौरई में सड़कों और नालियों का निर्माण किया गया था। हैरानी की बात यह है कि इस निर्माण को अभी एक साल भी पूरा नहीं हुआ है और सड़कें उखड़ने लगी हैं। सड़क से बाहर निकलती गिट्टियां और सीसी रोड पर आई बड़ी-बड़ी दरारें यहाँ हुए भ्रष्टाचार की कहानी खुद चिल्ला-चिल्ला कर बयां कर रही हैं। 

ग्रामीणों का गंभीर आरोप है कि यहाँ "काम एक किया जाता है, लेकिन कागजों पर बिल अनेक लगा दिए जाते हैं।"
जांच की उठ रही मांग
गाँव के आक्रोशित नागरिकों ने अब जिला प्रशासन और उच्चाधिकारियों से इस मामले में हस्तक्षेप की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही पेयजल संकट दूर नहीं हुआ और घटिया निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय जांच नहीं की गई, तो वे उग्र आंदोलन के लिए विवश होंगे।

Post a Comment

0 Comments