जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत खिरसाडोह में विविध कार्यक्रम आयोजित

जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत खिरसाडोह में विविध कार्यक्रम आयोजित

जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत खिरसाडोह में विविध कार्यक्रम आयोजित

छिंदवाड़ा, 31 मार्च 2026। मध्यप्रदेश शासन के जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत विकासखंड परासिया के ग्राम पंचायत खिरसाडोह में विभिन्न जागरूकता एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ, जिसमें ग्रामीणों, नवांकुर सखी, जल सखी, जल मित्र, प्रस्फुटन समिति के सदस्यों एवं बीएसडब्ल्यू-एमएसडब्ल्यू के छात्र-छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

कार्यक्रम की शुरुआत भूमि पूजन एवं भगवान शिव की पूजा-अर्चना से हुई। इसके पश्चात सभी प्रतिभागियों ने मिलकर जल कलश तैयार किए तथा विधिवत पूजन कर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। बाद में जल संरक्षण के संदेश के साथ जल कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें ग्रामीणों ने कलश में जल भरकर पूरे गांव में रैली निकाली।

रैली ग्राम के मुख्य पेयजल स्रोत—पानी की टंकी एवं बोरवेल तक पहुंची, जहां जल सखियों, जल मित्रों एवं ग्रामीणों ने जल स्रोत की पूजा कर रक्षा सूत्र बांधा तथा जल संरक्षण का संकल्प लिया। इसके बाद आंगनवाड़ी क्रमांक-2 खिरसाडोह में जल संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें जल संरक्षण, जल संकट को कम करने के उपायों एवं जनसहभागिता पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी में माताओं एवं बच्चों के पोषण आहार को लेकर भी संवाद हुआ तथा पोषण आहार की प्रदर्शनी लगाई गई। बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में संतुलित आहार के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के समापन पर नवांकुर सखी, जल सखी एवं जल मित्रों का तिलक लगाकर एवं आरती उतारकर स्वागत किया गया। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायक बताया। कार्यक्रम में विभिन्न प्रस्फुटन समितियों के सदस्य, नवांकुर संस्था, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता एवं ग्राम के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ