फीस नहीं तो एग्जाम नहीं: स्कूल की मनमानी पर कलेक्टर से शिकायत

पहले फीस, फिर परीक्षा: फीस नहीं देने पर दो बच्चों को परीक्षा से रोका, कलेक्टर से लगाई न्याय की गुहार

फीस नहीं तो एग्जाम नहीं: स्कूल की मनमानी पर कलेक्टर से शिकायत

छिंदवाड़ा। जिले के सिंगोड़ी गांव स्थित एक निजी स्कूल में फीस नहीं जमा होने पर बच्चों को परीक्षा में बैठने से रोकने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचा और जनसुनवाई में कलेक्टर से न्याय की गुहार लगाई।

जानकारी के अनुसार सिंगोड़ी के प्राइवेट सनब्राईट स्कूल में केजी-1 और दूसरी कक्षा के दो बच्चों को फीस जमा नहीं होने के कारण परीक्षा में बैठने नहीं दिया गया। इस मामले में पीड़ित अभिभावक राकेश साहू कलेक्ट्रेट पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।

पीड़ित राकेश साहू ने बताया कि उनके तीन बच्चे सनब्राईट स्कूल में पढ़ते हैं और वे समय पर फीस जमा करते रहे हैं, लेकिन हाल ही में आर्थिक तंगी के कारण फीस जमा नहीं कर सके। उन्होंने स्कूल संचालक शान्तनुदास से कुछ दिनों की मोहलत मांगी, लेकिन स्कूल प्रबंधन ने फीस जमा होने तक बच्चों को परीक्षा में बैठने की अनुमति देने से इनकार कर दिया।

मामले को लेकर बीआरसी विनोद वर्मा ने मीडिया से चर्चा में कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है और बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। बच्चों को परीक्षा दिलाई जाएगी और मामले की जांच कर स्कूल प्रबंधन के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के सामने आने के बाद निजी स्कूलों की मनमानी और शिक्षा के अधिकार को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। अभिभावकों ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ