पांढुर्णा (मध्य प्रदेश)। जिले के मोहगांव हवेली क्षेत्र में इन दिनों रसोई गैस सिलेंडर की भारी किल्लत से आमजन परेशान हैं। Indian Oil Corporation से जुड़ी इंडियन गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग रही हैं। लोग सुबह से शाम तक लाइन में खड़े रहने के बावजूद भी कई बार खाली हाथ लौटने को मजबूर हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार 8 से 15 दिन पहले गैस बुकिंग कराने के बावजूद भी समय पर सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। उपभोक्ताओं को केवल नंबर वाली स्लिप दी जा रही है, लेकिन गैस की आपूर्ति नियमित नहीं हो रही। हालात इतने गंभीर हो गए हैं कि ग्रामीण क्षेत्रों के कई परिवार फिर से चूल्हे पर खाना बनाने को मजबूर हो गए हैं।
गैस एजेंसी में महुआ सहित आसपास के कई गांवों से लोग सिलेंडर लेने पहुंच रहे हैं, जिससे एजेंसी परिसर में भारी भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति बन रही है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि कर्मचारियों द्वारा समस्या को लेकर संतोषजनक जवाब भी नहीं दिया जा रहा है।
ग्रामीणों की पीड़ा
ग्राम पंचायत के सतीश ठाकरे ने बताया कि सिलेंडर की भारी समस्या बनी हुई है। पहले बुकिंग नहीं लग रही थी, बाद में बुकिंग होने के बाद भी कई दिनों से सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है और लोगों को लगातार एजेंसी के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
वहीं ग्राम कोपडावाड़ी कला के विशाल वाडोदे ने बताया कि लोग सुबह से शाम तक लाइन में खड़े रहते हैं, लेकिन नंबर आने से पहले ही सिलेंडर खत्म हो जाते हैं, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मौके पर हालात
पत्रकारों द्वारा निरीक्षण के दौरान एजेंसी पर भारी भीड़ देखी गई। बड़ी संख्या में लोग बुकिंग स्लिप लेकर लाइन में खड़े थे और गैस नहीं मिलने पर नाराजगी जाहिर कर रहे थे। कई लोगों ने बताया कि वे कई दिनों से लगातार एजेंसी के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन समय पर गैस नहीं मिल रही।
बताया जा रहा है कि घर-घर गैस डिलीवरी भी प्रभावित हो रही है, जिससे समस्या और गंभीर हो गई है। यह संकट केवल मोहगांव हवेली तक सीमित नहीं है, बल्कि आसपास के अन्य क्षेत्रों में भी गैस आपूर्ति को लेकर परेशानियां सामने आ रही हैं। प्रशासन से जल्द गैस आपूर्ति व्यवस्था सुधारने की मांग की जा रही है।
0 टिप्पणियाँ