जुन्नारदेव।
नवरात्र के पावन अवसर पर नगर में भक्ति और आस्था का अनोखा माहौल देखने को मिला, जहां श्री राम मंदिर में आयोजित संगीतमय आरती में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। श्री रामलीला एवं दुर्गा उत्सव समिति के तत्वावधान में आयोजित इस नौ दिवसीय धार्मिक आयोजन में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है और पूरा मंदिर परिसर भक्ति रस में सराबोर हो गया है।
समिति द्वारा गत वर्ष की तरह इस वर्ष भी नवरात्रि के अवसर पर संगीतमय आरती का विशेष आयोजन किया गया। नवरात्र के प्रथम दिवस से लेकर अंतिम दिवस तक प्रतिदिन मां दुर्गा की आरती संगीतमय रूप में की गई। इसके पश्चात भोले बाबा, भगवान श्रीराम एवं हनुमान जी की आरती भी नियमित रूप से की जा रही है। आरती के बाद उपस्थित भक्तों को प्रतिदिन फलाहारी प्रसाद का वितरण किया जा रहा है।
इस धार्मिक आयोजन में समिति के पदाधिकारी, सदस्य एवं रामलीला से जुड़े पात्रों की विशेष उपस्थिति रही। वहीं नगर के व्यापारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, पत्रकार एवं विभिन्न सामाजिक-धार्मिक संगठनों से जुड़े लोग भी बड़ी संख्या में शामिल होकर धर्म लाभ ले रहे हैं। आयोजन के चलते मंदिर परिसर में प्रतिदिन भक्ति, संगीत और आराधना का वातावरण बना हुआ है।
राम नवमी पर होगा समापन
श्री रामलीला एवं दुर्गा उत्सव समिति के तत्वावधान में आयोजित इस नौ दिवसीय कार्यक्रम का समापन शुक्रवार को राम नवमी के अवसर पर किया जाएगा। इस दिन शाम 7 बजे विशेष रूप से भगवान श्रीराम का स्तुतिगान एवं संगीतमय आरती आयोजित की जाएगी। आरती के पश्चात श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा।
समिति ने नगर के सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से राम नवमी के अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
0 टिप्पणियाँ