कलेक्टर हरेंद्र नारायण और एसपी अजय पांडेय ने पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ मनाई होली
छिंदवाड़ा, 05 मार्च।
होली पर्व पर जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी निभाने के बाद पुलिस परिवार ने पुलिस लाइन परिसर में सौहार्दपूर्ण वातावरण में होली मिलन कार्यक्रम मनाया। कार्यक्रम में कलेक्टर हरेंद्र नारायण और पुलिस अधीक्षक अजय पांडेय ने अधिकारियों और पुलिसकर्मियों के साथ गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।
पुलिस अधीक्षक अजय पांडेय ने कहा कि होली प्रेम, सद्भाव और एकता का पर्व है। जिले में त्योहार के दौरान पुलिस बल ने पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाई, जिसके कारण पूरे जिले में होली का पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
पुलिस लाइन में आयोजित होली मिलन कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर बधाई दी और मिठाई खिलाकर पर्व की खुशियां साझा कीं। इस दौरान पारंपरिक होली गीतों पर पुलिसकर्मियों ने उत्साह के साथ नृत्य भी किया, जिससे कार्यक्रम में उल्लास का माहौल बन गया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे, रक्षित निरीक्षक आशीष तिवारी सहित जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारी तथा जिला मुख्यालय और थानों का पुलिस बल मौजूद रहा। कार्यक्रम पूरे अनुशासन और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
0 टिप्पणियाँ