मंदिर की जमीन से हटाया अतिक्रमण, अवैध दवाखाना भी बंद

तामिया में मंदिर की जमीन से हटाया अतिक्रमण, अवैध दवाखाना भी बंद
तामिया। तामिया तहसील के अंतर्गत ग्राम पंचायत तामिया में प्रशासन ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए पीपल तरु हनुमान मंदिर परिसर से अवैध अतिक्रमण हटाया। मंदिर की छत और परिसर में कब्जा कर एक व्यक्ति द्वारा कथित रूप से “बंगाली डॉक्टर” के नाम पर दवाखाना संचालित किया जा रहा था, जिससे श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

मंदिर परिसर में किए गए इस अतिक्रमण के चलते परिक्रमा मार्ग भी बाधित हो गया था, जिससे स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश था। मोहल्लेवासियों द्वारा की गई शिकायत के बाद तहसीलदार प्रकाश परते ने मामले को गंभीरता से लेते हुए राजस्व अमले के साथ मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग की टीम बुलडोजर के साथ मौके पर पहुंची और अवैध कब्जे को हटाकर मंदिर परिसर को मुक्त कराया। साथ ही “बागची बंगाली दवाखाना” नाम से संचालित हो रहे अवैध क्लिनिक को भी तत्काल बंद कर दिया गया। जांच में सामने आया कि बिना किसी वैध अनुमति के मरीजों का उपचार किया जा रहा था।

इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अतिक्रमण करने वालों में हड़कंप की स्थिति बन गई है। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में नदी-नालों और सरकारी जमीनों पर किए गए अन्य अतिक्रमणों के खिलाफ भी व्यापक अभियान चलाया जाएगा।

तहसीलदार प्रकाश परते और बीएमओ ने बताया कि क्षेत्र में संचालित झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ भी जल्द सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं ने राहत की सांस लेते हुए प्रशासन की सराहना की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ