छिंदवाड़ा में 14 मदिरा दुकानों की आज नीलामी, 143 करोड़ से अधिक का आरक्षित मूल्य
छिंदवाड़ा। मदिरा दुकानों के निष्पादन के 23वें चरण के तहत जिले में नीलामी से बची हुई 14 मदिरा दुकानों की नीलामी शुक्रवार 17 अप्रैल 2026 को आयोजित की जा रही है। इन दुकानों का कुल आरक्षित मूल्य 143 करोड़ 60 लाख 17 हजार 866 रुपये निर्धारित किया गया है।
विभाग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, सभी 14 मदिरा दुकानों के लिए ई-टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से टेंडर आमंत्रित किए गए हैं। शासन के निर्देशानुसार इच्छुक टेंडरदाता निर्धारित आरक्षित मूल्य से अधिकतम 55 प्रतिशत तक कम राशि पर भी टेंडर प्रस्तुत कर सकते हैं। इसके साथ ही पूर्व में डाले गए होल्ड ऑफर (H-1) से अधिक राशि बढ़ाकर भी टेंडर डालने की सुविधा प्रदान की गई है।
मदिरा दुकानों के निष्पादन को अंतिम स्वीकृति देने का अधिकार संबंधित विभाग के पास रहेगा। टेंडर प्रक्रिया के लिए समय सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया गया है, जिसके दौरान इच्छुक व्यक्ति, पूर्व एवं वर्तमान लाइसेंसी ऑनलाइन माध्यम से अपने प्रस्ताव प्रस्तुत कर सकते हैं।
प्रशासन ने सभी पात्र एवं इच्छुक आवेदकों से निर्धारित समय सीमा के भीतर टेंडर प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की है।
0 टिप्पणियाँ