कुंआ का दूषित पानी पीने को मजबूर धगड़िया के ग्रामीण

लोकेशन – धगड़िया, तामिया

कुंआ का दूषित पानी पीने को मजबूर धगड़िया के ग्रामीण
तामिया। जनपद पंचायत तामिया अंतर्गत ग्राम पंचायत धगड़िया में ग्रामीण दूषित पानी पीने को मजबूर हैं, लेकिन इस ओर शासन–प्रशासन का ध्यान नहीं जा रहा है। ग्रामीणों ने ग्राम सभा में कई बार पेयजल समस्या को लेकर आवाज उठाई, इसके बावजूद अब तक कोई स्थायी व्यवस्था नहीं हो सकी है।

ग्रामीणों ने बताया कि लगभग दो वर्ष पूर्व प्रधानमंत्री नल–जल योजना के तहत गांव में पाइपलाइन बिछाई गई थी, लेकिन आज तक बोरवेल नहीं कराया गया और न ही घरों तक पानी पहुंच पाया है। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्राम पंचायत के सरपंच–सचिव की मिलीभगत से पहले से बने पुराने कुएं में मोटर डालकर पानी सप्लाई करने की कोशिश की जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार कुएं का पानी पूरी तरह हरा हो चुका है और उसमें कीटाणु भी बहुत अधिक हो गए हैं, इसके बावजूद ग्रामीण उसी पानी को पीने के लिए मजबूर हैं, जिससे बीमारियों का खतरा बना हुआ है। गांव में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
ग्रामीणों ने शासन–प्रशासन से जल्द से जल्द पेयजल की व्यवस्था कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि तीन महीने के भीतर पीने के पानी की व्यवस्था नहीं की गई तो ग्राम पंचायत भवन धगड़िया के सामने धरना प्रदर्शन किया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ