साले ने ही की जीजा की हत्या, थाना देहात पुलिस की बड़ी सफलता
छिंदवाड़ा। थाना देहात क्षेत्र अंतर्गत ग्राम काराबोह डेम रिंग रोड के पास बबूल के पेड़ के नीचे मिले अज्ञात शव की गुत्थी पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझा ली। पुलिस जांच में मृतक की पहचान गोलू उर्फ शरद कुमार बैस निवासी परासिया के रूप में हुई, जिसकी हत्या उसके साले ने ही रंजिश के चलते की थी।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 19 मई को काराबोह डेम रिंग रोड के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही थाना देहात पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव का निरीक्षण करने पर मामला हत्या का प्रतीत हुआ, जिस पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 103(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जी.एस. राजपूत के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने भौतिक एवं तकनीकी साक्ष्य जुटाते हुए मुखबिर सूचना और आसपास के लोगों से पूछताछ की। एफएसएल अधिकारी, फिंगर प्रिंट टीम, डॉग स्क्वॉड एवं साइबर सेल की मदद से पुलिस ने आरोपी तक पहुंच बनाई।
जांच के दौरान मृतक के साले दिलीप सिसोदिया निवासी ईशानगर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपी ने बताया कि उसकी बहन को मृतक शरद शादी के बाद से परेशान करता था, जिससे नाराज होकर उसने रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतक की पहचान गोलू उर्फ शरद कुमार बैस पिता दादूलाल बैस उम्र 39 वर्ष निवासी वार्ड नंबर 13 बंधा मोहल्ला परासिया के रूप में हुई है। वहीं गिरफ्तार आरोपी दिलीप सिसोदिया पिता राजेंद्र प्रसाद सिसोदिया उम्र 35 वर्ष निवासी ईशानगर थाना देहात बताया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जी.एस. राजपूत, एफएसएल अधिकारी अजीता जौहरी, फिंगर प्रिंट निरीक्षक सतेन्द्र बघेल, उप निरीक्षक हर्ष नागले, संदीप राजपूत, नितेश ठाकुर सहित थाना स्टाफ, साइबर सेल एवं डॉग स्क्वॉड की विशेष भूमिका रही।
0 टिप्पणियाँ