सच की आंखें छिन्दवाड़ा/26 मई 2026/ जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन की अध्यक्षता और पुलिस अधीक्षक श्री अजय पाण्डेय की उपस्थिति में जिला सड़क सुरक्षा समिति की मासिक बैठक आज कलेक्टर कार्यालय के मिनी सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में पिछली बैठक के पालन प्रतिवेदन पर चर्चा करने के साथ ही नवीन एजेंडा बिंदुओं पर चर्चा की गई और महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही के संबंध में दिशा-निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर, सचिव एवं कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग, अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, आयुक्त नगर निगम, सड़क संबंधी सभी विभागों के अधिकारी, डीएसपी एवं टी आई यातायात सहित स्वास्थ्य व विद्युत विभाग के अधिकारी और समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे।
अन्य राज्यों से पंजीकृत वाहनों की जांच के लिए चलेगा विशेष अभियान - जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार अन्य राज्यों में पंजीकृत वाहन जो छिंदवाड़ा जिले में संचालित हैं, उन समस्त वाहनों की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा । अन्य राज्यों के समस्त वाहनों को यह सिद्ध करना होगा कि वह 30 दिन से अधिक छिंदवाड़ा जिले में संचालित नहीं हो रहे हैं एवं अन्य राज्य का निवास या व्यवसाय प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। अन्य राज्यों में पंजीकृत वाहन तत्काल मध्यप्रदेश राज्य का कर जमा कर विधि अनुसार मध्यप्रदेश का पंजीयन चिन्ह प्राप्त करें। उल्लंघन पाए जाने पर सभी वाहनों को जप्त करने की कार्यवाही की जाएगी।
अन्य महत्वपूर्ण निर्देश -
· एनएचएआई, प्रिंस ढाबा के पास हाई मास्ट लगाने का कार्य शीघ्र पूर्ण कराए।
· छिंदवाड़ा परासिया मार्ग के डिवाइडर पर अनावश्यक कट पॉइंट बंद करें और संकेतक बोर्ड लगाएं।
· शहर के सभी मुख्य मार्गों पर रोड मार्किंग एवं सभी प्रमुख चौराहों और सिग्नलों पर जेब्रा क्रॉसिंग, स्टॉप लाइन, रोड मार्किंग कराएं।
· शहर में स्थित दुकानों एवं फुटपाथों से अतिक्रमण हटाने और अवैध होर्डिंग हटाने की कार्यवाही नगर निगम द्वारा लगातार की जाए।
· पाटनी चौक पर स्थायी डिवाइडर अथवा सिग्नल निर्माण के लिए संयुक्त मौका निरीक्षण कर सुझाव के साथ प्रतिवेदन दिया जाए।
· तहसील चौरई में चौरई से अमरवाड़ा मार्ग पर स्थित डिवाइडर की दृश्यता बढ़ाई जाए।
· चौरई से अमरवाड़ा मार्ग पर एवं मुख्य मार्ग से मिलने वाली सभी ग्रामीण सड़कों पर स्पीड ब्रेकर का निर्माण कराएं।
· चार फाटक ओवर ब्रिज के नीचे स्थित फल दुकान संचालकों द्वारा किए गये अतिक्रमण एवं शहर के फुटपाथों से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की जाए।
· वर्धमान सिटी तिराहा के दोनों ओर मार्ग पर स्पीड ब्रेकर का निर्माण कराएं।
· चन्दनगांव क्षेत्र में बढ़ती दुर्घटनाओं के दृष्टिगत सभी आवश्यक स्थानों माता मंदिर चौक, चंदनगांव बस स्टैंड, भरतादेव रोड कट पॉइंट तिराहा, दारू भट्टी के सामने, अमित ठेंगे तिराहा पर स्पीड ब्रेकर्स का निर्माण कराया जाए
· पीएम राहत योजना का लाभ सड़क दुर्घटना से घायल होने वाले सभी व्यक्तियों को मिल सके, इसके लिए सभी निजी अस्पतालों के लिए एस ओ पी जारी करने के निर्देश दिए। अभी जानकारी के अभाव में घायल व्यक्ति योजना के अंतर्गत नामित अस्पतालों में नहीं पहुंच पा रहे हैं।
अब तक की गई कार्यवाही - पालन प्रतिवेदन की जानकारी देते हुए बताया गया कि 01 जनवरी से 30 अप्रैल 2026 तक यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध 15114 चालान बनाकर 61 लाख 71 हजार 600 रूपये की वसूली की गई है। इसी तरह बिना हेलमेट दुपहिया वाहन चलाने वाले 8245 चालकों के चालान बनाकर 24 लाख 73 हजार 500 रूपये समन शुल्क राशि की वसूली की गई है
0 टिप्पणियाँ