ससच की आंखें छिन्दवाड़ा/21 मई 2026/ 24 एमपी बटालियन एनसीसी के कमान अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल अमनप्रीत सिंह के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (सीएटीसी-96) का समापन उत्साह, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति के माहौल में भव्य रूप से सम्पन्न हुआ। शिविर के अंतिम दिवस कैडेट्स द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित अधिकारियों, प्रशिक्षकों एवं अतिथियों का मन मोह लिया।
समापन अवसर पर कैंप प्रशिक्षण क्षेत्र में कैडेट्स द्वारा निर्मित फ्लैग एरिया एवं क्वार्टर गार्ड का निरीक्षण किया गया। इस दौरान कमान अधिकारी ने शस्त्र सलामी ली और कैडेट्स के अनुशासन, सैन्य दक्षता एवं प्रभावशाली प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में कैडेट्स द्वारा दुश्मन की चौकी पर रेड एवं एमवीसीपी का जीवंत प्रदर्शन किया गया। युद्ध कौशल एवं सामरिक दक्षता से भरपूर इस प्रस्तुति ने पूरे प्रशिक्षण क्षेत्र में जोश और रोमांच का माहौल बना दिया। उपस्थित अधिकारियों एवं अतिथियों ने कैडेट्स की टीम भावना, आत्मविश्वास एवं समर्पण की प्रशंसा की।
शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को कमान अधिकारी द्वारा मेडल एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले कैडेट्स के चेहरों पर गर्व और उत्साह साफ दिखाई दे रहा था।
समापन समारोह के तहत आयोजित वार्षिक सांस्कृतिक संध्या में कैडेट्स ने देशभक्ति गीत, समूह नृत्य, नाट्य प्रस्तुति एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैंप कमांडेंट ने कहा कि एनसीसी केवल प्रशिक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व, एकता और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का सशक्त मंच है। उन्होंने कैडेट्स से शिविर में प्राप्त सीख और प्रेरणा को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।
उल्लेखनीय है कि इस 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में लगभग 600 एनसीसी कैडेट्स ने भाग लिया। शिविर के दौरान योग, ध्यान, खेलकूद, फायरिंग, मैप रीडिंग, सैन्य प्रशिक्षण एवं व्यक्तित्व विकास जैसी गतिविधियों के माध्यम से कैडेट्स को शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त एवं अनुशासित बनाने का प्रयास किया गया। शिविर के सफल संचालन में एनसीसी अधिकारियों, पीआई स्टाफ, बटालियन सिविल स्टाफ एवं कैडेट्स का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
0 टिप्पणियाँ