छिंदवाड़ा/चौरई, 05 मई 2026।
चौरई स्थित रानी अवंती बाई लोधी की प्रतिमा स्थल पर व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर स्थानीय नागरिकों में गहरा आक्रोश है। इस संबंध में लोधी, लोधा, लोध महासभा के पदाधिकारियों एवं नागरिकों ने राज्यपाल के नाम ज्ञापन प्रेषित कर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया है कि प्रतिमा स्थल के आसपास अनियंत्रित ठेले-दुकानों का अतिक्रमण बढ़ता जा रहा है, जिससे न केवल प्रतिमा की दृश्यता प्रभावित हो रही है, बल्कि पास स्थित स्कूल के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
सबसे गंभीर आपत्ति प्रतिमा एवं पीपल वृक्ष के समीप बने मूत्रालय को लेकर जताई गई है। आरोप है कि यह स्थान गंदगी और दुर्गंध का केंद्र बन चुका है, जहां असामाजिक तत्वों द्वारा शराब की बोतलें एवं अन्य आपत्तिजनक सामग्री फेंकी जा रही है। इससे वीरांगना के सम्मान के साथ-साथ आम जनभावनाओं को ठेस पहुंच रही है।ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई है कि प्रतिमा स्थल को तत्काल “नो वेंडिंग जोन” घोषित कर अतिक्रमण हटाया जाए तथा मूत्रालय को अन्यत्र स्थानांतरित कर क्षेत्र का सौंदर्यीकरण कराया जाए।महासभा के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो समाज को लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।इस दौरान दिलीप कुमार लोधी (नगर अध्यक्ष) सहित अनिल वर्मा, राजेंद्र तिवारी, संतोष कर्मा समेत अन्य नागरिक उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ