छिंदवाड़ा। जिले में बढ़ती अवैध गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए पुलिस ने एक बार फिर सख्त तेवर दिखाए हैं। बुधवार रात शहर में देहात, कुण्डीपुरा और कोतवाली थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने होटल, ढाबों और सार्वजनिक स्थलों पर अचानक सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस कार्रवाई से देर रात तक कई जगहों पर हड़कंप की स्थिति बनी रही।
पुलिस अधीक्षक और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में 5 मई 2026 की रात यह विशेष अभियान संचालित किया गया। टीमों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित होटल और ढाबों की बारीकी से जांच की। इस दौरान संचालकों से आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई और उन्हें सख्त निर्देश दिए गए कि सभी रिकॉर्ड व्यवस्थित रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
चेकिंग के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर बैठकर शराब पी रहे लोगों को पुलिस ने मौके पर समझाइश दी। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी गई कि भविष्य में ऐसा करते पाए जाने पर उनके खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस सख्ती से कई जगहों पर लोगों में सतर्कता देखने को मिली।
अभियान में थाना देहात के निरीक्षक गोविंद सिंह राजपूत, कोतवाली के निरीक्षक आशीष धुर्वे सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य सक्रिय रूप से शामिल रहे। पूरी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने यह भी सुनिश्चित किया कि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
“सहयोगी जनता, सक्रिय पुलिस, सुरक्षित समाज” के संदेश के साथ पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे कानून का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि शहर को सुरक्षित बनाया जा सके।
0 टिप्पणियाँ