पांढुर्णा। जिला मुख्यालय पर बुधवार को कांग्रेस पार्टी एवं युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने NEET परीक्षा पेपर लीक मामले और केन-बेतवा लिंक परियोजना के कारण आदिवासी परिवारों के संभावित विस्थापन को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति एवं राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपते हुए दोनों मामलों में तत्काल कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शिक्षा व्यवस्था में कथित भ्रष्टाचार और छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप लगाते हुए शिक्षा मंत्री का पुतला दहन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और केंद्र एवं राज्य सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
कांग्रेस नेताओं का कहना था कि NEET परीक्षा पेपर लीक मामले ने देशभर के लाखों छात्रों और उनके अभिभावकों का भरोसा तोड़ा है। वहीं केन-बेतवा लिंक परियोजना के चलते आदिवासी क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर विस्थापन की आशंका है, जिससे स्थानीय लोगों के सामने आजीविका और अस्तित्व का संकट खड़ा हो सकता है।
स्थिति को देखते हुए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। पुतला दहन के दौरान पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए स्थिति को नियंत्रित रखा। प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों और आदिवासी समुदाय के हितों की अनदेखी की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
0 टिप्पणियाँ