नाबालिग अपहरण कांड में 4 और गिरफ्तार, मुख्य आरोपी पर 5 हजार का इनाम



नाबालिग अपहरण मामले में 4 और गिरफ्तार, न्यायालय में पेश कर भेजा जेल
मुख्य आरोपी पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित, पुलिस की तलाश जारी
जुन्नारदेव। क्षेत्र में चर्चित नाबालिग अपहरण प्रकरण में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। मामले में मुख्य आरोपी की मदद करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जिला जेल भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार 27 मई को जुन्नारदेव क्षेत्र की एक नाबालिग किशोरी के अपहरण का मामला सामने आया था। घटना के बाद से पुलिस अपहृत किशोरी और मुख्य आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। इससे पहले भी पुलिस साक्ष्यों के आधार पर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

थाना प्रभारी जे. मसराम ने बताया कि जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि अपहृत बालिका को थार वाहन क्रमांक सीजी-04-केसी-9980 से ले जाया गया था। वाहन की जांच में उसका मालिक फैजल खान पाया गया। मुख्य आरोपी को सहयोग करने के आरोप में संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध धारा 49 बीएनएस एवं पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस अधीक्षक अजय पांडे द्वारा मुख्य आरोपी काजू उर्फ अरशद पिता शेख फरीद निवासी सग्गम गोलाई, जुन्नारदेव की गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। आरोपी की तलाश के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों को विभिन्न शहरों में रवाना किया गया है।

इसी क्रम में पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी गाडरवारा क्षेत्र में देखा गया है। पुलिस टीम ने वहां दबिश दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी नाबालिग को लेकर फरार हो गया। पूछताछ और जांच के दौरान आरोपी को सहयोग देने के आरोप में समीर उर्फ गप्पू (35), नासिर खान (51), सोहेल खान (24) तथा शेख अंसार (26) निवासी गाडरवारा को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जिला जेल भेज दिया गया।

पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी और अपहृत नाबालिग की तलाश लगातार जारी है तथा जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही आरोपी की चल-अचल संपत्ति की जानकारी जुटाकर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा जा रहा है।

आरोपी की तलाश में उप निरीक्षक मुकेश डोंगरे, उप निरीक्षक अंजना मरावी, आरक्षक मयंक उईके एवं चेतन मर्सकोले सहित पुलिस टीम सक्रिय रूप से जुटी हुई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ