जन कल्याण शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने पहुंचकर किया योजनाओं का लाभ प्राप्त45 आवेदनों का किया गया निराकरण, 16 एवं 17 जून को भी आयोजित होंगे शिविर


सच की आंखें

पांढुर्णा /15 जून 2026/ नगर परिषद मोहगांव कार्यालय में आज 15 जून 2026 को जन कल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा अपने आवेदन प्रस्तुत किए। शिविर का उद्देश्य आमजन को शासन की जनहितकारी योजनाओं से जोड़ना एवं उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण करना रहा। शिविर के दौरान नगर परिषद के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा नागरिकों की समस्याएं सुनी गईं तथा विभिन्न विभागों से संबंधित प्राप्त आवेदनों का निराकरण किया गया। साथ ही पात्र हितग्राहियों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।

निकाय में आयोजित जन कल्याण शिविर का निरीक्षण नगर परिषद अध्यक्ष श्री संदीप घाटोडे द्वारा किया गया। उन्होंने मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री राजाराम वरठे से चर्चा कर हितग्राहियों की समस्याओं का शीघ्र एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान नागरिकों को स्वच्छता, पेयजल, आवास, पेंशन, राशन कार्ड एवं अन्य जनहित से जुड़े विषयों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। अधिकारियों ने नागरिकों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने तथा किसी भी समस्या के समाधान के लिए सीधे संबंधित विभाग से संपर्क करने की अपील की। आज आयोजित शिविर में कुल 45 आवेदनों का निराकरण किया गया। साथ ही जानकारी दी गई कि आगामी जन कल्याण शिविरों का आयोजन 16 जून 2026 एवं 17 जून 2026 को भी किया जाएगा। पात्र हितग्राहियों से इन शिविरों में उपस्थित होकर विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की अपील की गई।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ