भाजपा की मासिक कामकाजी बैठक संपन्न, 5 से 21 जून तक चलेंगे ‘ केंद्र सरकार के 12 साल विश्वास के, विकास के और जनकल्याण के’ अभियान अंतर्गत विविध कार्यक्रममोदी सरकार की उपलब्धियां पहुंचेंगी घर-घर, भाजपा ने तैयार किया 17 दिवसीय जनजागरण अभियानमंडल, शक्ति केंद्र और बूथ समितियों की सक्रियता से मजबूत होगा संगठन : आदित्य बबला शुक्लागरीब, किसान और नारी शक्ति के सशक्तिकरण को समर्पित रहे मोदी सरकार के 12 वर्ष : शेषराव यादव



सच कि आंखें छिंदवाड़ा। भारतीय जनता पार्टी जिला इकाई की मासिक कामकाजी बैठक जिला संगठन प्रभारी आदित्य बबला शुक्ला, भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव, विधायक कमलेश शाह एवं महापौर विक्रम अहके की उपस्थिति में संपन्न हुई। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में जिला संगठन प्रभारी आदित्य बबला शुक्ला एवं भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने जिला संगठन के रिपोर्ट कार्ड की समीक्षा की। इस दौरान संगठन की मजबूती, बूथ स्तर तक सक्रियता तथा आगामी अभियानों की तैयारियों पर विशेष जोर दिया गया।

अपने उद्बोधन में जिला संगठन प्रभारी आदित्य बबला शुक्ला ने कहा कि संगठन की मजबूती का आधार बूथ स्तर तक सक्रिय एवं सशक्त संरचना है। पार्टी की मंशानुसार सभी मंडलों, शक्ति केंद्रों एवं बूथ समितियों की नियमित बैठकों का आयोजन सुनिश्चित किया जाए, ताकि संगठनात्मक गतिविधियों का प्रभावी संचालन हो सके तथा कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद बना रहे। उन्होंने कहा कि मासिक बैठकों के अतिरिक्त अन्य आवश्यक बैठकों में आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए वर्चुअल माध्यम को भी प्रोत्साहित किया जाए, जिससे संगठनात्मक सूचनाएं शीघ्रता से अंतिम पंक्ति तक पहुंच सकें।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का इस माह जिले के 1357 बूथों पर सफलतापूर्वक आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं, किसानों, युवाओं एवं आम नागरिकों ने सहभागिता की। आगामी माह इस कार्यक्रम को और अधिक व्यापक स्वरूप देते हुए जिले के 1594 बूथों पर आयोजित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

जिला संगठन प्रभारी आदित्य बबला शुक्ला ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 5 जून से 21 जून तक जिलेभर में “12 साल विश्वास के, विकास के और जनकल्याण के” विषय पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से केंद्र सरकार की जनहितकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं सेवा गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

बैठक के प्रारंभ में भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए 100 प्रतिशत बूथों पर कार्यक्रम आयोजित करने वाले मंडल अध्यक्षों की सराहना की। उन्होंने आगामी अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गरीब, शोषित एवं वंचित वर्गों के कल्याण के लिए उल्लेखनीय कार्य किए हैं। किसानों के उत्थान, नारी शक्ति के सशक्तिकरण तथा देश के समग्र विकास के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल हुई हैं। सरकार ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन एवं प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के निर्देशानुसार 5 जून से 21 जून तक जिलेभर में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत प्रत्येक मंडल में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अभियान में विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं सामाजिक संगठनों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भाजपा जिला मंत्री श्रीमती नीलू निर्मलकर ने 5,900 पौधों का रोपण कर उल्लेखनीय कीर्तिमान स्थापित किया था।

8 जून से 14 जून तक विशेष जनसंपर्क अभियान संचालित किया जाएगा। इसके अंतर्गत केंद्रीय मंत्री, सांसद, राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारी, विधायक तथा निगम-मंडल अध्यक्ष विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता करेंगे। अभियान में वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, प्रगति पथ यात्रा, विकसित भारत संकल्प सम्मेलन तथा विशेष जनसंपर्क कार्यक्रम शामिल रहेंगे। प्रत्येक सांसद अपने लोकसभा क्षेत्र की प्रत्येक विधानसभा में तथा प्रत्येक विधायक अपने विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक मंडल में एक दिन व्यतीत करेंगे। साथ ही जिले में कम से कम 500 प्रमुख व्यक्तियों से संपर्क स्थापित किया जाएगा।

12 जून से 18 जून तक जनकल्याण शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनमें केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं के लिए पंजीकरण कराया जाएगा। शिविरों में आयुष्मान भारत, आयुष्मान वय वंदना, पीएम सूर्य घर, पीएम स्वनिधि, लखपति दीदी तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने बताया कि जिले में मोदी सरकार की उपलब्धियों पर आधारित तीन दिवसीय प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी। प्रदर्शनी में विभिन्न वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी तथा ऑन-द-स्पॉट चित्रकला प्रतियोगिता, वॉक्स पॉप वीडियो रिकॉर्डिंग, लाभार्थियों के अनुभव साझा करने एवं योजनाओं के पंजीकरण जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

15 जून से 18 जून तक प्रबुद्धजन एवं व्यापारी वर्ग की सभागार बैठकें आयोजित होंगी। वहीं 19 एवं 20 जून को जिले में दो स्थानों पर प्राकृतिक खेती कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा, जिनमें विशेषज्ञों द्वारा प्रदर्शन एवं व्याख्यान दिए जाएंगे।

21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रत्येक मंडल में स्थानीय योग समूहों के सहयोग से योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जहां संभव होगा, वहां एक सप्ताह के योग प्रशिक्षण शिविर भी लगाए जाएंगे।

इस अभियान के सफल संचालन हेतु जिलाध्यक्ष शेषराव यादव द्वारा जिला स्तरीय टोली का गठन किया गया है। इसमें नीरज भारद्वाज को जिला संयोजक तथा अभिषेक वर्मा, कृपाशंकर सूर्यवंशी, शैलेन्द्र मालवी एवं श्रीमती वंदना विश्वकर्मा को सह प्रभारी नियुक्त किया गया है। जिला संयोजक नीरज भारद्वाज ने अभियान की रूपरेखा एवं कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।

बैठक का संचालन जिला महामंत्री कमलेश उईके ने किया तथा आभार प्रदर्शन जिला टोली के सह प्रभारी कृपाशंकर सूर्यवंशी द्वारा व्यक्त किया गया।

बैठक में विधायक कमलेश शाह, महापौर विक्रम अहके, जिला महामंत्री विजय पांडे, कमलेश उईके, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल महामंत्री एवं बड़ी संख्या में अपेक्षित कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ