सच की आंखें बैतूल। मुलताई थाना क्षेत्र में 9 वर्षीय बालिका से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 17 जून 2026 को 23 वर्षीय चिक्कू उर्फ विजय वाडिवा ने कथित तौर पर 9 वर्षीय नाबालिग बालिका को कुरकुरे का लालच देकर अपने घर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद बालिका ने घर पहुंचकर परिजनों को पूरी जानकारी दी, जिसके बाद परिजनों ने तत्काल मुलताई थाने में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 505/26 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2)(एफ), 65(2), 351(3) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5N, 5M एवं 6 के तहत मामला कायम कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन एवं एडिशनल एसपी कमलेश खरपुसे तथा एसडीओपी एस.के. सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र सिंह परिहार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगातार दबिश देकर आरोपी चिक्कू उर्फ विजय पिता चैतू वाडिवा (23 वर्ष), निवासी चकोरा को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक नरेंद्र सिंह परिहार, उप निरीक्षक मोनिका पटले, प्रधान आरक्षक बलराम तथा आरक्षक गोपाल, सीताराम, शिवराम और आनंद की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
0 टिप्पणियाँ