सच की आंखें बालाघाट अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य श्री भगत सिंह नेताम ने रविवार 07 जून को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिरसा का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं हितग्राहियों से सीधे संवाद कर स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान श्री नेताम ने प्रसव के लिए अस्पताल पहुंची अजगरा निवासी चमन पंचतिलक, पंड्रापानी निवासी दीपा तथा मानेगांव निवासी हेमवती बघेल से चर्चा कर संबल योजना के तहत प्राप्त लाभ, जननी सुरक्षा सहायता राशि तथा जननी एक्सप्रेस सेवा की उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने यह भी जाना कि गर्भवती महिलाओं को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर मिल रहा है या नहीं।
श्री नेताम ने रोगी कल्याण समिति की बैठकों की स्थिति की समीक्षा करते हुए स्वास्थ्य अधिकारियों से मलेरिया नियंत्रण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मेडिकेटेड मच्छरदानियों के वितरण, वर्षा ऋतु में संभावित बीमारियों की रोकथाम तथा आपदा प्रबंधन की तैयारियों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिरसा के निर्माणाधीन भवन का भी अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण एजेंसी एवं ठेकेदार को भवन निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप करने, नियमित तराई सुनिश्चित करने तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित समीक्षा बैठक के पश्चात श्री भगत सिंह नेताम ग्राम देवगांव पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। श्री नेताम ने संबंधित अधिकारियों को इन समस्याओं के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में तहसीलदार राजू नामदेव, नायब तहसीलदार आर.एस. धुर्वे, डॉ. सुनील सिंह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि प्रकाश डहरवाल, सविता नंदन जायसवाल, चित्र कुमार ठाकरे, राधे तुरकर, यशवंत मांगरे, सुनील राहंगडाले, विजय वल्के, राजेंद्र राहंगडाले, जितेंद्र तेंभरे, लखन सिंह धुर्वे, दीपक धुर्वे, चंद्रकला केराम, दीपकिशोर मेरावी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन जनसमस्याओं के समाधान एवं क्षेत्र के विकास के संकल्प के साथ हुआ।
0 टिप्पणियाँ