कलेक्टर श्री नारायन ने ली ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा बैठकग्रामीण विकास के कार्यों में प्रगति लाने एवं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए


सच की आंखें

छिन्दवाड़ा/04 जून 2026/  कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन ने आज कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में ग्रामीण विकास विभाग की बैठक लेकर विभिन्न योजनाओं एवं ग्रामीण विकास के कार्यों में प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी  विभाग के कार्यपालन यंत्री, जिले की सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा सहायक यंत्री उपस्थित थे।

       मनरेगा में लेबर एंगेजमेंट कम होने पर जताई नाराजगी-समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री नारायन ने मनरेगा योजना के अंतर्गत श्रमिकों की कम भागीदारी एवं अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने जनपद पंचायत तामिया, हर्रई एवं परासिया के सहायक परियोजना अधिकारियों  के कार्यों की समीक्षा करते हुए उनके 15 दिवस की वेतन रोकने के निर्देश दिए। साथ ही  परियोजना अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

       कलेक्टर श्री नारायन ने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे मनरेगा योजना के लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराएं तथा इस संबंध में प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा और सभी अधूरे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए।

 

मुख्यालय में निवास नहीं करने वाले अधिकारियों पर होगी कार्रवाई - कलेक्टर श्री नारायन ने कहा कि जिन जनपद पंचायतों में सहायक परियोजना अधिकारी मुख्यालय पर निवास नहीं कर रहे हैं, वहां कार्यों की प्रगति भी संतोषजनक नहीं है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जब तक संबंधित अधिकारी मुख्यालय में निवास करना प्रारंभ नहीं करते, तब तक उनका वेतन आहरित नहीं किया जाए। उन्होंने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रमाणित करें कि संबंधित एपीओ मुख्यालय में निवास कर रहे हैं।

 

श्रम योगी मानधन योजना से अधिक से अधिक हितग्राहियों को जोड़ने पर जोर- कलेक्टर श्री नारायन ने प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक पात्र असंगठित श्रमिकों को योजना से जोड़ा जाए।  योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर पात्र हितग्राहियों तक इसकी जानकारी पहुंचाई जाए ताकि अधिक से अधिक श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ मिल सके।

 

पेयजल समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश - गर्मी के मौसम को देखते हुए कलेक्टर ने जनपद पंचायतों को निर्देशित किया कि उनके क्षेत्र में कहीं भी पेयजल संकट की स्थिति निर्मित न हो।  लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग  के साथ समन्वय स्थापित कर जहां भी पेयजल संबंधी समस्या सामने आए, उसका तत्काल निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

       इसके अलावा कलेक्टर श्री नारायन ने स्वच्छ भारत मिशन, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), मध्यान्ह भोजन योजना सहित अन्य विकास एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा भी की और आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ