दूरस्थ ग्रामों में लगातार चौपाल लगाकर जनसमस्याओं का समाधान कर रहे कलेक्टर श्री नारायनग्राम पंचायत खुमकाल में आयोजित की जन चौपालग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश


सच की आंखें

छिन्‍दवाड़ा/10 जून 2026/ जिले में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन लगातार विभिन्न ग्राम पंचायतों में जन चौपाल आयोजित कर रहे हैं। इसी क्रम में विकासखंड जुन्नारदेव की दूरस्थ ग्राम पंचायत खुमकाल में जन चौपाल का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री नारायन ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। जन चौपाल में सीईओ जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार, एसडीएम जुन्नारदेव सुश्री कामिनी ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

      चौपाल के दौरान कलेक्टर श्री नारायन ने ग्रामीणों को श्रम योगी मानधन योजना की विस्तृत जानकारी प्रदान करते हुए बताया कि असंगठित क्षेत्र के श्रमिक इस योजना से जुड़कर वृद्धावस्था में आर्थिक सुरक्षा प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाने के निर्देश भी दिए।

      कलेक्टर श्री नारायन ने ग्राम के स्व-सहायता समूहों की महिलाओं से चर्चा कर उनके द्वारा संचालित आजीविका गतिविधियों की जानकारी ली। महिलाओं द्वारा विभिन्न नवाचारों एवं स्वरोजगार गतिविधियों के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के प्रयासों पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत जुन्नारदेव को निर्देशित किया कि अन्य ग्राम पंचायतों की स्व-सहायता समूह की महिलाओं को भी खुमकाल के समूहों के कार्यों से अवगत कराया जाए, जिससे वे प्रेरणा लेकर अपने समूहों को और अधिक सशक्त बना सकें।

 

ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश - जन चौपाल में ग्राम आराडोंगरी के ग्रामीणों ने कम वोल्टेज की समस्या से अवगत कराया। इस पर विद्युत विभाग के अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में शीघ्र ही फीडर सेपरेशन का कार्य प्रारंभ होने वाला है, जिसके पूर्ण होने के बाद विद्युत आपूर्ति में सुधार होगा और कम वोल्टेज की समस्या का समाधान हो जाएगा।

     ग्राम खुमकाल के ग्रामीणों ने प्राथमिक शाला भवन की जर्जर स्थिति के बारे कलेक्टर श्री नारायन को अवगत करवाया । इस पर कलेक्टर श्री नारायन ने जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी) को विद्यालय भवन की आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए, ताकि बारिश के दौरान बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और किसी प्रकार की अप्रिय घटना की संभावना न रहे।

      ग्रामीणों द्वारा कुछ मार्गों पर सड़क निर्माण की आवश्यकता भी बताई गई। कलेक्टर श्री नारायन ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्थल का परीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करते हुए प्रस्ताव तैयार करने तथा समस्या के निराकरण के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।

      चौपाल के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी अपने-अपने विभागों की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी ग्रामीणों को दी तथा पात्र हितग्राहियों से इन योजनाओं का लाभ लेने का आग्रह किया।

     जन चौपाल के उपरांत कलेक्टर श्री नारायन ने आंगनबाड़ी नर्सरी तालखमरा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी केन्द्र में बच्चों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। कलेक्टर श्री नारायन ने केन्द्र के संचालन की सराहना करते हुए बच्चों के पोषण, शिक्षा एवं देखभाल संबंधी गतिविधियों को निरंतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ