रेत परिवहन अनुमति और यूरिया खाद उपलब्धता की मांग को लेकर भारत आदिवासी पार्टी ने सौंपा ज्ञापन

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0
रेत परिवहन अनुमति और यूरिया खाद उपलब्धता की मांग को लेकर भारत आदिवासी पार्टी ने सौंपा ज्ञापन
तामिया। भारत आदिवासी पार्टी के पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने शुक्रवार को तहसीलदार तामिया के माध्यम से कलेक्टर छिंदवाड़ा के नाम ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र की विभिन्न जनहित एवं किसान हितैषी समस्याओं के निराकरण की मांग की।

ज्ञापन में बताया गया कि तामिया एवं जुन्नारदेव क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना सहित पंचायतों में सीसी रोड, पंचायत भवन, चबूतरा, तालाब एवं कुआं निर्माण जैसे विभिन्न विकास कार्य संचालित हैं। लेकिन वर्तमान में रेत व्यापारियों द्वारा अत्यधिक दरों पर रेत उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे निर्माण कार्यों की लागत बढ़ रही है और गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है। पार्टी पदाधिकारियों ने पंचायतों के ट्रैक्टरों को रेत परिवहन की अनुमति देने की मांग की, ताकि विकास कार्यों में गति आ सके और अनावश्यक खर्च कम हो।
इसके साथ ही ज्ञापन में किसानों की समस्या उठाते हुए कहा गया कि मक्का बोवनी का समय शुरू हो चुका है, लेकिन स्थानीय दुकानों में यूरिया खाद का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध नहीं होने से किसानों को टोकन तक नहीं मिल पा रहे हैं। इससे किसानों को खेती कार्य में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पार्टी ने प्रशासन से तत्काल पर्याप्त मात्रा में यूरिया खाद उपलब्ध कराने और सभी विक्रेताओं तक स्टॉक पहुंचाने की मांग की।
भारत आदिवासी पार्टी के जिला अध्यक्ष शिवबरनसा सैलाम ने कहा कि यदि समय रहते किसानों और पंचायतों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्र में विकास कार्य एवं कृषि गतिविधियां प्रभावित हो सकती हैं।
इस अवसर पर भारत आदिवासी पार्टी के जिला अध्यक्ष शिवबरनसा सैलाम, जिला संगठन मंत्री कलीराम कवरेती, तामिया ब्लॉक अध्यक्ष सुमरसिंग तुमड़ाम, ग्राम पंचायत मानकादेवरी की सरपंच भागवती उइके, ग्राम पंचायत हर्रा कछार की सरपंच सुनवती कुड़ोपा, ग्राम पंचायत दोरियाखेड़ा की सरपंच रमिया, ग्राम पंचायत पांडुपिपरिया की सरपंच जूली भारती, पूर्व सरपंच अनिल भारती सहित भारत आदिवासी पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
400/related/default