रतलाम जावरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कालूखेड़ा में कृषि और सहकारिता जगत के पुरोधा स्वर्गीय ठाकुर महेंद्र सिंह कालूखेड़ा की स्मृति और प्रेरणा से नवीन उप-मंडी का श्रीगणेश किया गया। पत्रकार संतोष राज को अखिल भारतीय तेली महासभा के प्रदेश अध्यक्ष तेली राधेश्याम असतोलिया द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, शुभारंभ के पहले ही दिन मंडी में हजारों की संख्या में अन्नदाता किसान अपनी उपज लेकर पहुंचे, जहां मुहूर्त में सोयाबीन, सरसों, मेथी, लहसुन और चना जैसी फसलें ऊंचे दामों पर बिकीं। इस दौरान क्षेत्र के किसानों, व्यापारियों और हम्माल संघ के प्रतिनिधियों में भारी उत्साह देखा गया। मंडी के शुभारंभ अवसर पर क्षेत्रीय विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय (विधानसभा 222 जावरा) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वर्गीय ठाकुर साहब के अनुज ठाकुर के.के. सिंह कालूखेड़ा ने की। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में अखिल भारतीय तेली महासभा के प्रदेश अध्यक्ष और क्षेत्र के जनसेवक तेली राधेश्याम असतोलिया उपस्थित रहे। इसके साथ ही डॉ. दीपू सकलेचा, पूर्व जिला पंचायत सदस्य श्रीकांत सिंह चौहान, पूर्व नगरपालिका उपाध्यक्ष रितेश जैन, धर्मचंद चपलोद और चंद्र प्रकाश ओसवाल सहित कई गणमान्य नागरिक और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।इस ऐतिहासिक अवसर पर अखिल भारतीय तेली महासभा के प्रदेश अध्यक्ष राधेश्याम अस्तोलिया (जिनका यह पैतृक ग्राम व गृह विधानसभा क्षेत्र है) ने भावुक होते हुए कहा, यह पूरी कृपा कालूखेड़ा की पावन जन्मभूमि की है। मेरे राजनीतिक गुरु स्वर्गीय महेंद्र सिंह जी की उंगली पकड़कर ही मैं आज इस मुकाम तक पहुंचा हूं। इस नई मंडी की शुरुआत पर मैं मध्य प्रदेश वासियों और क्षेत्र के सभी किसान भाइयों को हार्दिक बधाई देता हूं। उन्होंने कहा कि सहकारिता और श्वेत क्रांति के प्रणेता थे ठाकुर महेंद्र सिंह जी आज मंडी के शुभारंभ पर अन्य वक्ताओं ने स्वर्गीय ठाकुर महेंद्र सिंह कालूखेड़ा के अतुलनीय योगदान को याद किया। वे मध्य प्रदेश सरकार में कृषि मंत्री, शिक्षा मंत्री, योजना मंत्री और सहकारिता मंत्री जैसे कई महत्वपूर्ण पदों पर रहे। इसके साथ ही वे राष्ट्रीय दुग्ध संघ और उज्जैन दुग्ध संघ के अध्यक्ष भी रहे। कृषि व जल संरक्षण के क्षेत्र में कृषि मंत्री रहते हुए उन्होंने क्षेत्र में बड़े-बड़े स्टॉप डैम और बांध बनवाए, जिससे आज हजारों हेक्टेयर भूमि सिंचित हो रही है और पेयजल का पर्याप्त पानी आज भी मिल रहा है। दुग्ध संघ के माध्यम से उन्होंने पूरे मध्य प्रदेश में गांव-गांव तक डेयरी नेटवर्क स्थापित कर दुग्ध उत्पादन (हरियाली) को नई ऊंचाई दी।जावरा विधानसभा में प्राथमिक स्कूलों को मिडिल, हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों के साथ कॉलेजों में अपग्रेड करवाने का श्रेय उन्हें ही जाता है। स्वर्गीय ठाकुर महेंद्र सिंह कालूखेड़ा ग्वालियर राजघराने के बेहद करीबी और सिपाहसालार माने जाते थे। वे पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय माधवराव सिंधिया के अत्यंत खास थे और वर्तमान केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के लालन-पालन व मार्गदर्शन में भी उनकी जय विलास पैलेस ग्वालियर में अहम भूमिका रही थी। आज उनके पैतृक गांव कालूखेड़ा में शुरू हुई यह उप-मंडी क्षेत्र के विकास और किसानों की समृद्धि में एक नया मील का पत्थर साबित होगी।
0 टिप्पणियाँ