मानसून में विलंब के चलते कन्हरगांव जलाशय का लाइव स्टोरेज रिक्त, वैकल्पिक व्यवस्था के लिए भरतादेव फिल्टर प्लांट में स्थापित किए जा रहे पॉन्टून पंप ग्रामीण क्षेत्रों के बोरवेल किए गए सक्रिय




सच की आंखें छिंदवाड़ा। इस वर्ष मानसून के आगमन में हुए विलंब के कारण कन्हरगांव जलाशय में जलस्तर प्रभावित हुआ है, जिसके चलते नगर पालिक निगम छिंदवाड़ा द्वारा शहर एवं उससे जुड़े क्षेत्रों में सुचारू जलप्रदाय बनाए रखने के लिए व्यापक वैकल्पिक प्रबंध किए जा रहे हैं। प्राकृतिक रूप से जल स्रोतों में हुई कमी को देखते हुए महापौर श्री विक्रम अहके के निर्देशन में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण तकनीकी और व्यावहारिक निर्णय लिए गए। नगर पालिक निगम छिंदवाड़ा के भरतादेव स्थित 11 MLD एवं 15 MLD क्षमता के फिल्टर प्लांटों के संचालन हेतु कन्हरगांव जलाशय से ग्रेविटी पाइपलाइन के माध्यम से रॉ वॉटर (कच्चा पानी) प्राप्त होता है। मानसून के लेट आने के कारण कन्हरगांव जलाशय की कुल 26 MCM क्षमता में से 23 MCM लाइव स्टोरेज पूर्णतः खाली हो गया है, जिससे ग्रेविटी पाइपलाइन में पानी का स्वाभाविक प्रवाह उपलब्ध नहीं हो पा रहा था और भरतादेव स्थित फिल्टर प्लांटों के संचालन में तकनीकी व्यवधान उत्पन्न हुआ। वर्तमान स्थिति में कन्हरगांव जलाशय में शेष 3.9 MCM जल डेड स्टोरेज के रूप में उपलब्ध है, जिसे दृष्टिगत रखते हुए महापौर श्री विक्रम अहके के विशेष प्रयासों से कन्हरगांव जलाशय के डेड स्टोरेज पर विभिन्न क्षमता के पोंटून पंप (फ्लोटिंग पंप) स्थापित किए जा रहे हैं। इन पोंटून पंपों के माध्यम से डेड स्टोरेज के पानी को लिफ्ट कर मुख्य ग्रेविटी पाइपलाइन में भेजा जाएगा, जिससे भरतादेव स्थित फिल्टर प्लांटों का संचालन सुचारू रूप से किया जा सके। इसके साथ ही जल आपूर्ति को निर्बाध और निरंतर बनाए रखने के लिए पाइपलाइन के माध्यम से पानी की सप्लाई लगातार जारी रखी गई है तथा भविष्य में विद्युत आपूर्ति में किसी भी प्रकार की तकनीकी बाधा न आए, इसके लिए महापौर श्री विक्रम अहके द्वारा कन्हरगांव जलाशय में 200 केवी का नया ट्रांसफार्मर तत्काल स्थापित करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं। इसके साथ ही महापौर की पहल पर निगम के अंतर्गत आने वाले ग्रामीण क्षेत्रों में भी पेयजल संकट से राहत देने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों के बंद पड़े समस्त बोरवेलों को तत्काल प्रभाव से सुधार कर जल आपूर्ति हेतु खोल दिया गया है, ताकि सभी नागरिकों को निर्धारित क्षेत्रों में नियत समय पर सुचारू पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ