सच की आँखे तामिया सच की आँखें न्यूज़ का बड़ा असर: तामिया में झोलाछाप बंगाली डॉक्टरों पर स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 2 अवैध क्लिनिक सील
तामिया, 17 जुलाई 2026। क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित झोलाछाप एवं बंगाली डॉक्टरों के क्लिनिकों की खबर प्रकाशित होने के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया। सच की आँखें न्यूज़ में प्रमुखता से समाचार प्रकाशित होने के उपरांत सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र तामिया के बीएमओ डॉ. भुवनेश कुमार के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग, पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने तामिया, बिजोरी एवं पाण्डुपिपरिया में छापामार कार्रवाई की।
संयुक्त टीम ने विभिन्न संदिग्ध क्लिनिकों की जांच कर अवैध रूप से संचालित क्लिनिकों का संचालन तत्काल प्रभाव से रुकवाया तथा संबंधित संचालकों को वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
कार्रवाई के दौरान बिजोरी-पाण्डुपिपरिया में अवैध क्लिनिक संचालित कर रहे निर्मल राय तथा तामिया में अवैध क्लिनिक चला रहे महानंद बागची सहित कुल दो अवैध क्लिनिक सील किए गए। अन्य संदिग्ध क्लिनिकों की भी जांच की गई और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
इस संयुक्त कार्रवाई में तामिया के नायब तहसीलदार आशुतोष रामटेके, थाना प्रभारी आशीष जैतवार, स्वास्थ्य विभाग से सुशील कुमार सूर्यवंशी (बीपीएम), ज्ञानदास मिनोटे (बीसीएम), धीरज डोंगरे, लेखाराम उइके एवं विजय नरवरे उपस्थित रहे।
क्षेत्रवासियों ने स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि अवैध चिकित्सा पर अंकुश लगाने के लिए ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहनी चाहिए, ताकि लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों पर प्रभावी रोक लग सके।
–
