सच की आँखे छिंदवाड़ा। परिवहन आयुक्त एवं कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन के निर्देश पर बुधवार को सिंगोड़ी-अमरवाड़ा क्षेत्र में परिवहन विभाग ने स्कूल वाहनों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया। अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री अनुराग शुक्ला के निर्देशन में विशेष जांच दल ने लगभग 35 छोटे-बड़े स्कूल वाहनों का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान वाहनों के आवश्यक दस्तावेज, चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, ओवरलोडिंग सहित मोटरयान अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों की जांच की गई। कार्रवाई के दौरान चार स्कूल वाहन (एमपी 20 टी 6769, एमपी 37 सी 0188, एमपी 16 टी 1436 एवं एमपी 04 बीए 2547) बिना वैध दस्तावेजों के संचालित पाए गए। सभी वाहनों को जब्त कर पुलिस चौकी सिंगोड़ी परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया गया।
इसके अलावा दस्तावेजों एवं अन्य नियमों के उल्लंघन पर नौ वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 76 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
परिवहन विभाग ने सभी स्कूल वाहन संचालकों एवं चालकों को निर्देश दिए हैं कि वे मोटरयान अधिनियम, 1988 के प्रावधानों का पालन करते हुए ही वाहनों का संचालन करें। विभाग ने चेतावनी दी है कि भविष्य में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर और अधिक कठोर कार्रवाई की जाएगी।
