सच की आँखे छिंदवाड़ा, 8 जुलाई। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के 77वें स्थापना दिवस एवं राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस (9 जुलाई) की पूर्व संध्या पर बुधवार को छिंदवाड़ा नगर स्थित अमित ठेंगे जी की प्रतिमा के समक्ष अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा भारत माता की भव्य आरती का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवाओं में राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक चेतना तथा संगठन के प्रति समर्पण की भावना का जागरण करना रहा। भारत माता की आरती के पश्चात उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं विद्यार्थियों ने राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम में विशेष रूप से राजा शंकर शाह के ईसी (EC) सदस्य श्री तरुण किंद्रा जी एवं पीजी कॉलेज, छिंदवाड़ा की जनभागीदारी समिति के सदस्य श्री कृपाशंकर सूर्यवंशी जी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के जिला संयोजक श्री पीयूष श्रीवास जी, प्रांत सह मंत्री श्री मोहित देहरिया जी, विभाग छात्रा प्रमुख कु. अनुष्का गुप्ता सहित परिषद के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। साथ ही बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं सामाजिक बंधुओं ने भी कार्यक्रम में सहभागिता कर भारत माता की आरती में सम्मिलित होकर राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थितजनों ने 9 जुलाई को राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले परिषद के विभिन्न कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में सहभागी बनने का आह्वान किया।
