जुन्नारदेव में हत्या का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
घास चराने के विवाद और कथित जादू-टोना की रंजिश में कुल्हाड़ी से की गई थी हत्या, दोनों आरोपी जेल भेजे गए
जुन्नारदेव (छिंदवाड़ा), 15 जुलाई। जुन्नारदेव थाना पुलिस ने ग्राम बकाईनढाना (गोनावाड़ी) में हुई झाडूलाल यदुवंशी की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जिला जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो कुल्हाड़ियां एवं घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 13 जुलाई की शाम डायल-112 पर सूचना मिली थी कि ग्राम बकाईनढाना (गोनावाड़ी) में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही थाना जुन्नारदेव पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के पुत्र कमलेश यदुवंशी की शिकायत पर भगवानदास यदुवंशी एवं मंगल धुर्वे के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतक झाडूलाल यदुवंशी और आरोपी भगवानदास यदुवंशी के बीच खेत में मवेशी चराने को लेकर विवाद चल रहा था। शिकायत के अनुसार मृतक द्वारा खेत में मवेशी चराने से मना किए जाने के बाद आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी थी। वहीं पुलिस जांच के दौरान आरोपियों ने पूछताछ में कथित रूप से यह भी बताया कि जादू-टोना संबंधी शंका और आपसी रंजिश के कारण भी वे मृतक से नाराज थे। पुलिस के अनुसार इन्हीं कारणों से दोनों आरोपियों ने मिलकर कुल्हाड़ी से हमला कर झाडूलाल यदुवंशी की हत्या कर दी।
पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे एवं एसडीओपी सोनम पाटिल के निर्देशन में गठित टीम ने फरार आरोपियों की तलाश शुरू की। आरोपी मंगल धुर्वे को देलाखारी क्षेत्र से तथा भगवानदास यदुवंशी को इटावा के पास से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद दोनों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दो कुल्हाड़ियां एवं घटना के समय पहने गए कपड़े जब्त किए गए।
दोनों आरोपियों को न्यायालय जुन्नारदेव में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया तथा बाद में जिला जेल छिंदवाड़ा भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
मंगल धुर्वे, निवासी धोबीवाड़ा ढाना, ग्राम धगड़िया, थाना तामिया।
भगवानदास यदुवंशी, निवासी ग्राम बकाईनढाना (गोनावाड़ी), थाना जुन्नारदेव।
सराहनीय भूमिका
मामले के खुलासे में थाना प्रभारी निरीक्षक उपनिरीक्षक मुकेश डोंगरे, उपनिरीक्षक मनोज चौधरी सहित थाना जुन्नारदेव की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
