अमरवाड़ा, छिंदवाड़ा। शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय अमरवाड़ा के मुख्य गेट क्रमांक-1 से लगी शराब दुकान को हटाने की मांग को लेकर शुक्रवार को विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के पदाधिकारियों ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अमरवाड़ा को ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन में बताया गया कि विद्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार के समीप संचालित शराब दुकान के कारण दिनभर एवं देर रात तक लोगों की आवाजाही बनी रहती है। संगठन का आरोप है कि कई बार शराब के नशे में लोग विद्यालय परिसर के आसपास विवाद और झगड़ा करते हैं, जिससे विद्यार्थियों की सुरक्षा और पढ़ाई का माहौल प्रभावित हो रहा है।
संगठन ने कहा कि स्कूल जैसे संवेदनशील स्थान के पास शराब दुकान संचालित होना विद्यार्थियों, अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों के लिए चिंता का विषय है। क्षेत्रवासियों द्वारा पूर्व में भी कई बार दुकान को अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।शविश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल ने प्रशासन से जनहित और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए शराब दुकान को तत्काल अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो जनहित में आंदोलन किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
