शासकीय कार्य के दौरान सरपंच से मारपीट, आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
सौसर (पांढुर्णा)। ग्राम पंचायत बोरगांव के सरपंच पंकज श्रीपत दातरकर के साथ शासकीय कार्य के दौरान कथित रूप से मारपीट, गाली-गलौज और धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद ग्राम पंचायत बोरगांव की ओर से कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, एसडीएम, एसडीओपी एवं तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
ज्ञापन में बताया गया है कि सरपंच पंकज दातरकर शासकीय कार्य का निर्वहन कर रहे थे। इसी दौरान ग्राम के धनराज चिपडे, कृष्णा चिपडे एवं हरि चिपडे ने कथित रूप से शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करते हुए अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज एवं मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी देकर कार्य प्रभावित करने का प्रयास किया।
ग्राम पंचायत ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों के विरुद्ध प्रचलित कानून के तहत तत्काल एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाए, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को दंडित किया जाए तथा भविष्य में जनप्रतिनिधियों और शासकीय कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं।ग्राम पंचायत का कहना है कि यदि ऐसे मामलों में समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो पंचायतों के विकास कार्य प्रभावित होंगे और जनप्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों में भय का वातावरण बनेगा। पंचायत ने प्रशासन से त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई कर कानून के प्रति लोगों का विश्वास बनाए रखने की अपील की है।
