विद्यार्थी विज्ञान मंथन 2026-27 के लिए पंजीकरण शुरू, कक्षा 6 से 11 तक के विद्यार्थी ले सकेंगे भाग

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0
विद्यार्थी विज्ञान मंथन 2026-27 के लिए पंजीकरण शुरू, कक्षा 6 से 11 तक के विद्यार्थी ले सकेंगे भाग

सच की आंखें न्यूज़ छिंदवाड़ा। विज्ञान के प्रति विद्यार्थियों में रुचि, वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं भारत की वैज्ञानिक विरासत के प्रति जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से विद्यार्थी विज्ञान मंथन (VVM) 2026-27 का आयोजन किया जा रहा है। यह विज्ञान आधारित राष्ट्रीय प्रतियोगी परीक्षा विज्ञान भारती (VIBHA) द्वारा राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (NCERT) तथा राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद (NCSM) के सहयोग से संचालित की जाती है।
जिला समन्वयक डॉ. राजेश शुक्ला, छिंदवाड़ा ने बताया कि विद्यार्थी विज्ञान मंथन कक्षा 6 से 11 तक के विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण विज्ञान प्रतियोगिता है। इसका उद्देश्य वैज्ञानिक दृष्टिकोण रखने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें प्रोत्साहित करना तथा विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए मार्गदर्शन प्रदान करना है।
उन्होंने बताया कि लेवल-1 ऑनलाइन परीक्षा कक्षा 6 एवं 7 के लिए 16 एवं 19 नवम्बर 2026, कक्षा 8 एवं 9 के लिए 17 एवं 20 नवम्बर 2026 तथा कक्षा 10 एवं 11 के लिए 18 एवं 21 नवम्बर 2026 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा ऑनलाइन माध्यम से सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक उपलब्ध रहेगी तथा परीक्षा अवधि 90 मिनट होगी। विद्यार्थी केवल एक बार लॉगिन कर सकेंगे। लेवल-1 का परिणाम 30 नवम्बर 2026 को घोषित किया जाएगा।
परीक्षा का पंजीकरण शुल्क 200 रुपये निर्धारित किया गया है। विद्यार्थी व्यक्तिगत रूप से अथवा विद्यालय के माध्यम से पंजीकरण करा सकते हैं।
आगे के चरणों में लेवल-2 राज्य स्तरीय परीक्षा 27 दिसम्बर 2026 एवं 3, 10 तथा 17 जनवरी 2027 में से किसी एक निर्धारित दिवस पर आयोजित होगी। इसके बाद लेवल-3 राष्ट्रीय स्तर परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसकी तिथि एवं स्थान की घोषणा 28 फरवरी 2027 को की जाएगी।
प्रतियोगिता के अंतर्गत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्टेट लेवल कैंप (SLC), नेशनल कैंप (NC), सृजन प्रशिक्षण कार्यक्रम एवं भास्कर छात्रवृत्ति जैसे विशेष अवसर प्राप्त होंगे। चयनित विद्यार्थियों को देश के प्रतिष्ठित अनुसंधान संस्थानों और विज्ञान केंद्रों के भ्रमण का अवसर भी मिल सकता है।
डॉ. राजेश शुक्ला ने जिले के सभी विद्यालयों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अधिक से अधिक संख्या में इस राष्ट्रीय विज्ञान प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की है।

पंजीकरण हेतु:
डॉ. राजेश शुक्ला
जिला समन्वयक, विद्यार्थी विज्ञान मंथन, छिंदवाड़ा

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
400/related/default