320.8 किलो गांजा सहित अंतरराज्यीय तस्कर गिरोह का पर्दाफाशकंटेनर और टाटा सफारी से 64 लाख रुपये का गांजा, पिस्टल-कारतूस सहित 7 तस्कर गिरफ्तार

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0
320.8 किलो गांजा सहित अंतरराज्यीय तस्कर गिरोह का पर्दाफाश कंटेनर और टाटा सफारी से 64 लाख रुपये का गांजा, पिस्टल-कारतूस सहित 7 तस्कर गिरफ्तार
छिंदवाड़ा। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ छिंदवाड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्कर गिरोह का पर्दाफाश किया है। अमरवाड़ा पुलिस ने कंटेनर और टाटा सफारी कार से कुल 320.8 किलोग्राम गांजा, एक अवैध पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस, आठ मोबाइल फोन और 24,090 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस ने मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 64 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक छिंदवाड़ा अजय पाण्डेय एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अमरवाड़ा कल्याणी वरकड़े के नेतृत्व में थाना प्रभारी अमरवाड़ा निरीक्षक राजेन्द्र धुर्वे एवं पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि एक कंटेनर और काले रंग की टाटा सफारी कार में भारी मात्रा में गांजा भरकर छिंदवाड़ा से अमरवाड़ा होते हुए नरसिंहपुर की ओर ले जाया जा रहा है।
नाकाबंदी कर पकड़े गए दोनों वाहन

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम तेंदनीमाल मेन हाईवे रोड पर नाकाबंदी की। इसी दौरान संदिग्ध कंटेनर और टाटा सफारी कार दिखाई दी। पुलिस ने दोनों वाहनों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहनों को तेज गति से भगाने लगे। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए भुमकाघाटी के पास कंटेनर को रोक लिया।

तलाशी के दौरान कंटेनर के केबिन में बनाए गए विशेष गुप्त बॉक्स से सात प्लास्टिक की बोरियों में भरा 252.48 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। कंटेनर में तीन आरोपी सवार थे।

वहीं टाटा सफारी कार में सवार चार आरोपियों की तलाशी लेने पर डैशबोर्ड बॉक्स से एक लोडेड पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद हुए। कार के अंदर रखी दो बोरियों से 68.32 किलोग्राम गांजा भी जब्त किया गया।

ओडिशा से उत्तर प्रदेश पहुंचाई जा रही थी गांजे की खेप

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि गांजे की खेप ओडिशा के बलांगीर जिले से लाई जा रही थी। इसे रायपुर, नागपुर, मुलताई, छिंदवाड़ा और नरसिंहपुर के रास्ते उत्तर प्रदेश पहुंचाया जाना था।

पुलिस के अनुसार, फरार आरोपी सदनलाल चौरसिया निवासी संतकबीर नगर, उत्तर प्रदेश के कहने पर गांजे की खेप मंगाई गई थी। पूछताछ में यह भी सामने आया कि जब्त पिस्टल गिरफ्तार आरोपी मोनिस को सदनलाल चौरसिया द्वारा उपलब्ध कराई गई थी।

पुलिस फरार आरोपी की तलाश के साथ ही गांजा तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क, सप्लाई चैन और मादक पदार्थ के स्रोत की विस्तृत जांच कर रही है।

ये आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने संतोष गिरी निवासी आगर-मालवा, मोनिस निवासी संतकबीर नगर, अजय यादव, कृष्ण कुमार, आदर्श सिंह एवं शुभम सिंह निवासी जिला बस्ती तथा ऋषभ सिंह निवासी जिला गोंडा, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया है।

आरोपियों के विरुद्ध थाना अमरवाड़ा में अपराध क्रमांक 580/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट एवं धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट में प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अमरवाड़ा निरीक्षक राजेन्द्र धुर्वे, पुलिस टीम, थाना कुंडीपुरा प्रभारी निरीक्षक महेन्द्र भगत एवं उनकी टीम तथा सायबर सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
400/related/default