23 वर्षों की उत्कृष्ट सेवाओं के बाद सेवा सहकारी समिति बड़गांव शाखा किरनापुर के लेखापाल लुकेश भारद्वाज को भावभीनी विदाई

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0



सच की आँखे किरनापुर।
सेवा सहकारी समिति बड़गांव, शाखा किरनापुर के लेखापाल श्री लुकेश भारद्वाज के 31 जुलाई को सेवानिवृत्त होने पर समिति परिसर में गरिमामय एवं भावनात्मक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। श्री भारद्वाज ने सहकारी विभाग में लगभग 23 वर्षों तक ईमानदारी, निष्ठा एवं समर्पण के साथ अपनी सेवाएं प्रदान कीं। उनके कार्यकाल के दौरान किसानों को सहकारी योजनाओं का लाभ दिलाने तथा समिति के सुचारु संचालन में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा।
समारोह में उपस्थित अतिथियों एवं कर्मचारियों ने श्री भारद्वाज के कार्यों की सराहना करते हुए उनके सरल स्वभाव, कर्तव्यनिष्ठा एवं अनुकरणीय सेवा भावना को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने अपने लंबे सेवाकाल में किसानों एवं सहकारी संस्थाओं के हितों को सदैव प्राथमिकता दी और अपने कार्यों से सभी का विश्वास अर्जित किया।
विदाई समारोह में पूर्व संचालक श्री रंजीतसिंह चौहान विशेष रूप से उपस्थित रहे। किसान प्रतिनिधियों में श्री दिनेश नागपासे, श्री चमन पटले एवं श्री देवरस रामटेके ने भी समारोह में भाग लेकर श्री भारद्वाज को सम्मानपूर्वक विदाई दी तथा उनके स्वस्थ, सुखमय एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
इस अवसर पर सहकारी विभाग शाखा किरनापुर के शाखा प्रबंधक, सुपरवाइजर, संस्था प्रबंधक, सेवा सहकारी समिति चिखला के समस्त कर्मचारी भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। वहीं कर्मचारी संघ शाखा किरनापुर के उपाध्यक्ष श्री धनसिंह मादरे ने श्री भारद्वाज को सम्मानित करते हुए कहा कि उनका सेवाभाव, ईमानदारी और कार्य के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ी के कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।
समारोह के दौरान श्री लुकेश भारद्वाज का शॉल, श्रीफल, पुष्पमालाओं एवं आकर्षक स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया। सभी उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं किसानों ने उनके सम्मान में तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उन्हें भावभीनी विदाई दी। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने उनके साथ बिताए वर्षों की यादें साझा करते हुए उनके कार्यों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।
कार्यक्रम में श्री रंजीतसिंह चौहान, श्री दिनेश नागपासे, श्री चमन पटले, श्री देवरस रामटेके, कर्मचारी संघ शाखा किरनापुर के उपाध्यक्ष श्री धनसिंह मादरे, सहकारी विभाग के शाखा प्रबंधक, सुपरवाइजर, संस्था प्रबंधक, सेवा सहकारी समिति बड़गांव एवं सेवा सहकारी समिति चिखला के समस्त कर्मचारी तथा क्षेत्र के किसान साथी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
समारोह का समापन श्री लुकेश भारद्वाज के उज्ज्वल, स्वस्थ एवं सुखमय सेवानिवृत्त जीवन की मंगलकामनाओं के साथ हुआ। उपस्थित सभी अतिथियों ने उनके दीर्घायु एवं खुशहाल जीवन की कामना करते हुए कहा कि सहकारिता के क्षेत्र में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
3/related/default