जिला स्तरीय थांगता मार्शल आर्ट प्रतियोगिता सम्पन्न, 36 खिलाड़ी संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित


जिला स्तरीय थांगता मार्शल आर्ट प्रतियोगिता सम्पन्न, 36 खिलाड़ी संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित
जुन्नारदेव। स्कूल शिक्षा विभाग के तत्वावधान में जिला स्तरीय शालेय थांगता मार्शल आर्ट प्रतियोगिता का आयोजन ज्ञान सागर पब्लिक स्कूल, जुन्नारदेव में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विकासखंडों से करीब 200 बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने 14, 17 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में पांढुर्णा, सौसर, मोहखेड़, चांदनगांव, छिंदवाड़ा, परासिया एवं मेजबान जुन्नारदेव के खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले हुए। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर 36 खिलाड़ियों का चयन 17 से 19 अगस्त तक जबलपुर में आयोजित संभाग स्तरीय शालेय थांगता मार्शल आर्ट प्रतियोगिता के लिए किया गया। प्रतियोगिता में परासिया विकासखंड के खिलाड़ियों का प्रदर्शन विशेष रूप से सराहनीय रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रवि पौराणिक एवं उर्मिला तिवारी रहे। विशेष अतिथि के रूप में विद्यालय संचालक निखिलेश उपाध्याय, कीर्ति उपाध्याय, अंकित द्विवेदी, प्राचार्य अभिशिखा ठाकरे तथा पांढुर्णा थांगता जिला सचिव संदीप उईके उपस्थित रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती पूजन के साथ प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। विद्यालय के विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम को गरिमामय बनाया।

प्रतियोगिता के तकनीकी संचालन में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी योगेश रुखमांगद ने जूरी सदस्य, जबकि स्टेट रेफरी निशिकेत सल्लाम एवं वैदिश भूमरकर ने सेंटर रेफरी की भूमिका निभाई। मंच संचालन दीक्षा जैसवाल ने किया।

समापन अवसर पर जिला क्रीड़ा अधिकारी (स्कूल शिक्षा विभाग) योगेश्वर चौरिया, जिला क्रीड़ा अधिकारी (जनजातीय कार्य विभाग) कप्तान अनुरोध शर्मा, संकुल प्राचार्य चंद्रशेखर दीक्षित, विकासखंड क्रीड़ा अधिकारी फिरोज़ खान, पीटीआई राशिद खान, मनोज डोंगरे एवं अंकित सोलंकी ने चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए संभाग स्तर पर बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई। उन्होंने कहा कि खेल प्रतिभाओं को लगातार अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं और जिले के खिलाड़ी भविष्य में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर भी जिले का नाम रोशन करेंगे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने